पंचकूला। निपुण हरियाणा मिशन के तहत मंगलवार को जिले के चारों खंडों बरवाला, मोरनी, पिंजौर और रायपुररानी में निपुण पजल एवं पैटर्न चैंपियनशिप-2026 का खंड स्तरीय चरण आयोजित किया गया। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने पजल, पैटर्न, अवलोकन, तार्किक सोच और समस्या समाधान आधारित गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लिया।
प्रत्येक खंड से चार-चार विजेता टीमों सहित कुल 16 टीमें अगले सप्ताह होने वाली जिला स्तरीय मेगा चैंपियनशिप के लिए चयनित हुईं। जिला एफएलएन समन्वयक एवं निपुण के नोडल अधिकारी असिन्द्र कुमार ने बताया कि चैंपियनशिप का उद्देश्य विद्यार्थियों में प्रश्न हल करने के साथ सोचने, पैटर्न पहचानने, तर्क करने और समस्या का समाधान खोजने की क्षमता विकसित करना है।
जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी सुमन चौधरी ने विजेता टीमों को बधाई दी। पिंजौर में सुमन चौधरी व असिन्द्र कुमार, मोरनी में जोगिंद्र लाठर, बरवाला में रमेश बत्रा और रायपुररानी में नरोत्तम शर्मा ने प्रतियोगिता का अवलोकन कर बच्चों का उत्साहवर्धन किया।
बरवाला से अलीपुर टाउन, रामगढ़, खटौली और दबकोरी मोरनी से गजान, धामन, मांधना और मरोग पिंजौर से अभयपुर, सेक्टर-4, सेक्टर-20 संस्कृति और सार्थक 12-ए रायपुररानी से समलेहड़ी, बधोर, मौली और गोबिंदपुर की टीमें जिला स्तर के लिए चयनित हुईं। आयोजन में चारों खंडों के शिक्षा अधिकारियों और एफएलएन समन्वयकों की भूमिका रही।