अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। पंजाब पुलिस का युद्ध नशे के विरुद्ध अभियान रविवार को भी जारी रहा। पुलिस ने 158 ड्रग तस्करों को गिरफ्तार किया और साथ ही इनके कब्जे से 10.1 किलोग्राम हेरोइन, 1.3 किलोग्राम अफीम और 19,040 रुपये की ड्रग मनी बरामद की है।
इस अभियान के तहत अब तक कुल गिरफ्तार नशा तस्करों की संख्या 13,449 हो गई है। पंजाब के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव के निर्देशों पर यह कार्रवाई राज्य के सभी 28 पुलिस जिलों में एक साथ की गई। विशेष डीजीपी कानून और व्यवस्था अर्पित शुक्ला ने बताया कि 98 वरिष्ठ अधिकारियों की निगरानी में 1700 से अधिक कर्मियों वाली 220 से अधिक पुलिस टीमों ने राज्य भर में 445 स्थानों पर छापे मारे और 104 एफआईआर दर्ज की।
दिनभर चले इस ऑपरेशन के दौरान पुलिस टीमों ने 456 संदिग्ध व्यक्तियों की भी जांच की। उन्होंने बताया कि 109 व्यक्तियों को नशामुक्ति और पुनर्वास केंद्रों पर उपचार कराने के लिए प्रेरित किया गया।