पंचकूला। शहर में सक्रिय अज्ञात चोर सेक्टर-21 निवासी एक व्यक्ति के घर से ज्वैलरी व अन्य सामान पर हाथ साफ कर गए हैं। हैरत की बात यह है कि चोरों ने जिस समय वारदात की, उस दौरान मकान मालिक व उनकी पत्नी घर पर ही सो रहे थे। सेक्टर-21 निवासी टेकचंद ने पुलिस को बताया है कि वह पत्नी सहित रात करीब 10 बजे खाना खाकर मकान के ग्राउंड फ्लोर पर पर सो गए थे। रात करीब ढ़ाई बजे उन्हें साथ के कमरे से आवाज आई। उन्होंने लाइट जगाकर पीछे के दरवाजे से आंगन में देखा तो दो लड़क दीवार पर पत्थर लिए बैठे थे। लाईट जगाने पर दोनों लड़के बेहड़े से बाहर कूद गए। इसके बाद टेकचंद ने दूसरे कमरे में जाकर देखा तो रसोई की खिड़की की ग्रिल और शीशा उखड़ा पड़ा था। कमरे का सारा समान और अलमारी व कपबार्ड का सामान बेड पर बिखरा मिला। उन्होंने सामान की जांच की तो मंदिर के उपर रखे पत्नी के करीब चार तोले सोने के दो कड़े गायब मिले। इसके अलावा अन्य सामान भी चोरी मिला। चोर हड़बड़ाहट में भागते समय लोहे की रॉड़, हथौड़ी, पेचकस, हथौड़ा लेकर आए थे, जो उन्हें वहीं छोड़कर भागना पड़ा। पुलिस ने टेकचंद की शिकायत पर अज्ञात चोरों पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।