पंचकूला। शहर में एक विवाहित महिला ने उससे दुष्कर्म किए जाने की पुलिस को शिकायत दी है। मामला उस समय सामने आया जब पीड़िता स्वयं मेडिकल के लिए सिविल अस्पताल-6 पहुंची। डॉक्टरी जांच में उससे दुष्कर्म की पुष्टि पर अस्पताल प्रबंधन ने स्थानीय पुलिस चौकी को सूचना दी। फिर मामले की सूचना सेक्टर-5 महिला थाना पुलिस को दी गई। थाना पुलिस ने पीड़िता से पूछताछ की तो उन्होंने उनकी अस्मत से खिलवाड़ के आरोप सेक्टर-17 की राजीव कालोनी निवासी सुल्तान पर लगाए। पीड़िता ने बताया कि आरोपी ने उससे दो बार दुष्कर्म किया। लेकिन जब उन्होंने उससे कहा कि वह उसके खिलाफ शिकायत करेंगी तो आरोपी ने पीड़िता को मारने की धमकी दी। शिकायत पर महिला थाना पुलिस ने आरोपी सुल्तान के खिलाफ दुष्कर्म का केस दर्ज किया है। महिला थाना के एसएचओ इंस्पेक्टर अजीत ने बताया कि शिकायत पर उन्होंने केस दर्ज कर लिया है। लेकिन मामला महिला से संबंधित होने के चलते उन्होंने अधिक जानकारी देने से इनकार किया। पुलिस सूत्रों के मुताबिक आरोपी सुल्तान को फिलहाल गिरफ्तार नहीं किया गया है। पुलिस मामले की आगामी पड़ताल में जुटी है।