खरड़। चंडीगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर बनाए जा रहे फ्लाईओवर के निर्माण में बाधा बने मुंडी खरड़ के अनेक दुकानों व घरों के मालिकों को राजस्व विभाग मोहाली द्वारा उनके खाते में बनता मुआवजा ट्रांसफर किया गया। रकम ट्रांसफर करने के साथ ही नेशनल हाईवे अथारिटी आफ इंडिया की टीम जेसीबी मशीनें लेकर लोगों के स्ट्रक्चर गिराने के लिए पहुंच गई, लेकिन लोगों के विरोध को देखते हुए टीम ने सभी स्ट्रक्चर मालिकों को दो दिन तक अपने स्ट्रक्चर स्वयं गिराने का समय दे दिया।
स्ट्रक्चर हटाने की टीम में खरड़ के नायब तहसीलदार दीपक भारद्वाज, फ्लाईओवर का निर्माण कर रही एलएंडटी कंपनी के मैनेजर टीबी सिंह के अलावा कई अन्य अधिकारियों के साथ पुलिस बल मौजूद था। स्ट्रक्चर मालिक गुरमीत सिंह, भूपिंदर सिंह, रवि कुमार, बलबीर सिंह समेत अनेक दुकान व घरों के मालिकों ने टीम का विरोध करते हुए कहा कि उन्हें विभाग द्वारा आज ही मुआवजे की रकम मिली है, इसलिए उन्हें दो दिन का समय दिया जाए। दो दिन के अंदर अंदर वह अपने ढांचे खुद गिरा लेगें। दो तीन स्ट्रक्चर पर जहां किसी ने इन्हें ढहाने का विरोध नहीं किया, वहां जेसीबी की मदद से उनको गिरा दिया गया।
एलएंडटी कंपनी के मैनेजर ने बताया कि खरड़-लुधियाना रोड़ तथा खरड़-रोपड़ रोड़ खानपुर में अनेक स्ट्रक्चर को गिराए जाने का काम अभी बाकी है। वीरवार को ड्राइव टीम इन स्थानों पर कार्रवाई करेगी। इन स्थानों से कब्जा हटाने के बाद फ्लाईओवर से नीचे सड़क उतारने का काम शुरू कर दिया जाएगा। उससे पहले सड़क के दोनों ओर सर्विस रोड बनाई जाएगी ताकि इस रोड पर चलने वाला यातायात सुचारु रूप से चलता रहे।