जीरकपुर। ओल्ड कालका रोड पर स्थित गांव सनौली के पास कार को ओवरटेक करने से नाराज हुए चार नौजवानों ने दूसरी कार में सवार एक व्यक्ति की इतनी बेरहमी से पिटाई की कि उसकी मौत हो गई। पुलिस ने कार नंबर के आधार पर चारों अज्ञात नौजवानों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज करके आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
जीरकपुर के वीआईपी रोड पर स्थित पेंटा होम सोसाइटी के फ्लैट नंबर-550 के रहने वाले पवन सरेहा ने बताया कि वह जीरकपुर में प्रापर्टी का कारोबार करते हैं। रविवार वह अपने प्रापर्टी डीलर दोस्त कुलदीप सिंह (43) निवासी जीरकपुर और निपुन जैन निवासी पंचकूला के साथ अपनी स्कोडा कार में सवार होकर पंचकूला गए थे। दोपहर करीब 3 बजे पुरानी कालका रोड से वापस जीरकपुर आ रहे थे। इस दौरान वह जब सनौली गांव के पास पहुंचे तो वह एक फोर्ड फिगो कार को ओवरटेक करते हुए आगे निकल गए। इससे नाराज होकर फोर्ड फिगो में सवार चारों नौजवानों ने उन्हें आगे जाकर घेरकर लिया और रोककर गाली गलौज करना शुरू कर दिया।
गाली गलौज करने वाले नौजवानों का कुलदीप सिंह ने विरोध किया तो उन्होंने कुलदीप को पकड़कर उसकी थप्पड़, लात और घूंसों के साथ पिटाई करनी शुरू कर दी। इसमें कुलदीप गंभीर रूप से जख्मी होकर बेहोश हो गया। किसी तरह उन्होंने आरोपी नौजवानों की मिन्नत करके कुलदीप को उनके चंगुल से छुड़वाया और वीआईपी रोड पर स्थित एम केयर अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में डाक्टरों ने जांच के बाद कुलदीप सिंह को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने सोमवार को मृतक कुलदीप का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों के हवाले करते हुए आरोपी नौजवानों की तलाश शुरू कर दी है।