कालका। शुक्रवार को हथियारों से लैस कुछ युवकों ने कालका के अस्पताल में मेडिकल करवाने आए दो लोगों के ऊपर हमला बोल दिया। जिसमें वे बुरी तरह से घायल हो गए।
मौके पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोपहर करीब दो बजे कुछ लोग अस्पताल के पास एक दुकान पर फोटोस्टेट करवाने आए थे, उसके पीछे कुछ लोग अपने हाथों में तेजधार हथियार व डंडे लिए हुए थे जिन्होंने दुकान के अंदर ही घुसकर लोगों के ऊपर हथियार से वार कर दिया। वहीं, दुकानदार ने भी जैसे-तैसे अपनी जान बचाई और बाहर निकला। कुछ समय में ही अज्ञात हमलावरों ने मेन सड़क के सामने भी उन लोगों से मारपीट की और तेजधार हथियार से हमला कर दिया ।
पुलिस ने बताया कि घायल अफजल और इकबाल कालका के साथ लगते गांव गोदाम के रहने वाले है। बताया कि इकबाल की नाजुक हालत को देखते हुए सीएचसी कालका से पीजीआई और अफजल को पंचकूला के सामान्य अस्पताल सेक्टर-6 में रेफर कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि वीरवार देर शाम को पीड़ित पक्ष का गांव बाड़ के कुछ युवकों के साथ किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया था, जिसके लिए शुक्रवार को दोनों गांवों की पंचायत बैठाकर समझौता करवाया जाना था। वहीं दोनों गुटों का टकराव शुक्रवार की सुबह गांव के नजदीक दोबारा हो गया और इस बीच बात हाथापाई तक पहुंच गई, जिसके बाद अफजल और इकबाल अपने गांव के सरपंच नेक मोहम्मद के साथ कालका सीएचसी में अपना मेडिकल करवाने आये थे कि वहां कुछ युवकों ने उन पर तेजधार हथियार से हमला कर दिया। पुलिस ने बताया कि पीड़ितों के मुताबिक दूसरे पक्ष ने ही उन पर हमला करवाया है।
कालका एसएचओ सुरेन्द्र ने बताया कि शिकायत के आधार पर आशु व सोनू सहित 3 अन्य के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच जारी है।