चंडीगढ़। इंटर डिस्ट्रिक्ट अंडर-23 क्रिकेट टूर्नामेंट का दो दिवसीय मुकाबला वीरवार से सेक्टर 16 क्रिकेट स्टेडियम में शुरू हुआ। यह मुकाबला चंडीगढ़ और फाजिल्का के बीच खेला जा रहा है। पहले दिन चंडीगढ़ ने 311 रन बनाए। वहीं, फाजिल्का की टीम शुरू में ही लड़खड़ा गई और मात्र 55 रन पर ढेर हो गई। इसके बाद फॉलोआन खेलते हुए फाजिल्का की टीम दूसरी पारी में भी कुछ खास प्रदर्शन नहीं कर पाई। दिन का खेल खत्म होने तक 2 विकेट पर 49 रन बना चुकी है।
वीरवार को पहले दिन चंडीगढ़ ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला लिया। टीम की शुरुआत बेहतर नहीं रही। सलामी बल्लेबाज आयुष सिक्का 5 रन पर आउट हो गए। इसके बाद आयुष गौतम और निपुन पंडित ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए टीम के स्कोर को 100 के पार पंहुचाया। आयुष गौतम भी 38 रन बनाकर फाजिल्का के गेंदबाज कोविद के शिकार बने।
जगमीत के 55, रमन बिश्नोई के 64, युवराज चौधरी के 20 और अर्शदीप सिंह के नाबाद 4 रन की पारी के सहयोग से चंडीगढ़ ने 64 ओवर में 7 विकेट के नुक्सान पर 311 रनों पर पारी घोषित कर दी। गेंदबाजी में कोविद ने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए 104 रन देकर 4 विकेट, रोहित और पारस ने एक-एक विकेट चटकाए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी फाजिल्का की टीम का प्रदर्शन निराशाजनक रहा। चंडीगढ़ के गेंदबाजाें की सटीक गेंदबाजी की बदौलत पूरी टीम 15.1 ओवर में मात्र 55 रन पर ही ढेर हो गई। चंडीगढ़ की ओर से निपुन पंडित ने 22 रन देकर 6 विकेट, मंदीप ने 11 रन देकर 2 विकेट , अर्शदीप और भागमेंन्द्र ने 1-1 विकेट चटकाए।
फाजिल्का की टीम को 256 रनों से पीछे रहने पर फॉलोआन खेलना पड़ा। दूसरी पारी की शुरुआत भी अच्छी नहीं रही। टीम की ओर से राहुल 5, गुरविंदर सिंह 25 को गेंदबाज भागमेंन्द्र सिंह ने आउट किया। पहले दिन का खेल खत्म होने तक फाजिल्का ने अपनी दूसरी पारी में 13 ओवर में 2 विकेट के नुकसान पर 49 रन बना लिए हैं।