मनीमाजरा। मोटर मार्केट मनीमाजरा में मंगलवार शाम मनसा देवी जाने वाली सड़क पर एक कार चालक ने मोटरसाइकिल सवार को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार का एक पांव कार के टायर के नीचे आ गया। इससे पैर का पंजा कटकर अलग हो गया। यह देख लोग जमा हो गए। सड़क पर खून बिखर गया। लोगों ने पुलिस की मदद से युवक को मनीमाजरा अस्पताल पहुंचाया, जहां से सेक्टर-32 जीएमसीएच भेज दिया गया। हालत गंभीर होने पर बाइक सवार को पीजीआई रेफर कर दिया गया।
घटना मंगलवार शाम सवा सात बजे की है। घायल बाइक चालक इंदिरा कालोनी का इस्लाम (22) मोटर मार्केट में मोटरसाइकिल रिपेयर करने का काम करता है। घटनास्थल पर मौजूद मोटर मार्केट में काम वाले इरशाद ने बताया कि इस्लाम पोस्ट ऑफिस के सामने सड़क पर बाइक रोककर खड़ा था। इसी बीच स्कोडा रैपिड कार (एचआर03पी-7274) ने टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही इस्लाम सड़क पर गिर पड़ा। उसका पैर कार के टायर के नीचे आने से पंजा कटकर अलग हो गया। इरशाद ने बताया कि टक्कर मारने के बाद कार चालक युवक मौके से कार लेकर भागने लगा तो मोटर मार्केट के लोगों ने घेरकर रोक लिया। मनीमाजरा थाना पुलिस ने कार को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। इरशाद के मुताबिक कार गोविंदपुरा निवासी युवक पम्मा चला रहा था।