पंचकूला। पंजाब यूनिवर्सिटी की छात्रा से छेड़छाड़ में सेक्टर -5 थाना पुलिस ने आरोपी अरुण शर्मा को गिरफ्तार कर लिया है। जांच अधिकारी एएसआई नरेंद्र कुमार ने बताया कि अरुण शर्मा (35) सैनी विहार फेस-3 बलटाना जीरकपुर का रहने वाला है। पुलिस आरोपी को सोमवार को कोर्ट में पेश करेगी। आरोपी का सेक्टर -6 जनरल अस्पताल में मेडिकल करवाया गया। पुलिस ने वह स्कार्पियो भी बरामद की है, जिससे आरोपी ने छात्रा का पीछा किया था। स्कार्पियो उसकी पत्नी के नाम रजिस्टर्ड है, जो प्राइवेट जॉब करती है। पुलिस ने बताया कि आरोपी एसबीआई के लोन पर ली गई गाड़ियों की रिकवरी का काम करता है। शुक्रवार शाम को पंजाब यूनिवर्सिटी की छात्रा सेक्टर -10 मार्केट से घर लौट रही थी। रास्ते में छात्रा की एक्टिवा के आगे अपनी कार लगाकर अरुण ने रास्ता रोका और छेड़खानी की। युवती ने शोर मचाया तो वह फरार हो गया। इसके बाद युवती ने अपने भाई की मदद से पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी।