पंचकूला। सरकार के समक्ष शीघ्र ज्वाइनिंग की मांग रखते हुए चयनित सहायक प्रोफेसरों ने भूख हड़ताल की। बुुुधवार को हड़ताल में डॉ. प्रवीण यादव, संजय, अनिल, डॉ. नरेश, डॉ. धर्मवीर व साथी भूख हड़ताल पर रहे। इन सभी ने हरियाणा सरकार ने मांग करते हुए कहा कि उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सरकार उनके साथ नाइंसाफी कर रही है। बुधवार को तीसरे दिन गांधीवादी आदर्शों को अपनाते हुए शांतिपूर्ण तरीके से भूख हड़ताल के साथ ही चयनित सहायक प्राध्यापकों ने सेक्टर-4 स्थित हरियाणा लोक सेवा आयोग कार्यालय के सामने झाडू लगाकर स्वच्छता का संदेश दिया। स्वच्छ- भारत, स्वच्छ-हरियाणा जागरूकता रैली निकालकर लोगों को साफ-सफाई के प्रति जागरूक किया। समिति संयोजक सुनील थुआ व सुमन शर्मा ने बताया कि जब तक सरकार हमारी नियुक्ति का सार्थक प्रयास नहीं करेगी तब तक शांति मार्च करते हुए सत्याग्रह के लिए भूख हड़ताल पर रहकर जन जागरूकता अभियान जारी रखेंगे। सेक्टर-5 स्थित धरना स्थल पर पर दिन में भयंकर गर्मी की मार व लू के थपेड़ों से जहां सभी परेशान है वहीं रात के समय जंगली चूहों का आतंक व मच्छरों की मार झेलते हुए बड़ी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। खुले में शौच मुक्त भारत अभियान चल रहे है। लेकिन धरना स्थल पर शौचालय भी नहीं के बराबर है। चयनित सहायक प्राध्यापकों ने अपनी पीड़ा बताते हुए कहा कि 112 साथी पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया से लगभग दो साल पहले चयनित हुये थे। नियुक्ति में देरी के कारण एक महिला साथी मानसिक रुप से परेशान होकर स्वर्गवासी भी हो गई। दुख और परिवार की तंगहाली से हर-रोज मर रहे हैं। पढ़ने में कोई कसर नहीं रखी लेकिन अब नौकरी मिलने पर नियुक्ति नहीं हो रही। सुमन खटक, जगबीर दूहन, मनोज कुमार, विद्या देवी, राकेश कुमार, कुलदीप मौर्य, अनूप कुमार, सोहन लाल व नवीन कुमार सहित सभी चयनित मौजूद रहे।