पंचकूला। एमडीसी के एक मकान में इंग्लैंड व वेस्टइंडीज के बीच हुए क्रिकेट मैच पर सट्टा लगवाने के चार आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों में सिटी पानीपत निवासी साहिल, भिवानी की बैंक कालोनी निवासी पकंज जाखड़, हिसार के शास्त्री नगर निवासी राजेश कुमार और जिला जींद निवासी रविन्द्र कुमार हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चार मोबाइल फोन, लैपटॉप और 4 हजार रुपये बरामद किए हैं। पुलिस को बीते शुक्रवार की रात आरोपियों के सेक्टर-4 स्थित एमडीसी के एक मकान में वर्ल्ड कप क्रिकेट मैच पर सट्टा लगवाने की गुप्त सूचना मिली थी। सूचना थी कि आरोपी इंग्लैंड व वेस्टइंडीज क्रिकेट मैच पर बड़े स्तर पर लैपटॉप व मोबाइल द्वारा ऑनलाइन सट्टा लगवा रहे हैं। पुलिस टीम ने पूरी तैयारी कर मकान की दूसरी मंजिल के कमरे छापेमारी की तो वहां चार आरोपी मिले। उन्होंने फर्श पर गद्दे के ऊपर लैपटॉप रखा था और मोबाइल फोन का इस्तेमाल कर रहे थे। लैपटॉप की स्क्रीन पर मैच के भाव की लाइन थी। पुलिस ने उक्त आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चार मोबाइल फोन, लैपटॉप सहित चार हजार रुपये कैश बरामद किए।