फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कनॉट प्लेस की तर्ज पर चंडीगढ़ की पार्किंग में लगेंगी स्मार्ट डिस् प्ले

विज्ञापन
विज्ञापन
चंडीगढ़। दिल्ली के कनॉट प्लेस की तर्ज पर अब चंडीगढ़ की पार्किंगों को भी स्मार्ट बनाया जा रहा है। स्मार्ट डिस्प्ले के साथ पार्किंग में ड्रेस कोड में कर्मचारी नजर आएंगे। वहीं पार्किंग में स्पेस की स्थिति वाहन चालकों को बाहर ही आसानी से मिल जाएगी। पार्किंग का समय सुबह 8 बजे से रात 12 बजे तक का होगा। शनिवार को पार्किंग रिव्यू के लिए बनाई गई कमेटी के सदस्यों व अधिकारियों ने बैठक कर कई प्रमुख निर्णय लिए।
विज्ञापन

कमेटी के अध्यक्ष अरुण सूद ने बताया कि शहर में 97 नई व पुरानी पार्किंग व एक मल्टीलेवल पार्किंग है। पहले सभी पार्किंग को चार जोन में बांटा जा चुका है। विकलांगों के लिए अलग से पार्किंग होंगी। पार्किंग में चार दरवाजे के साथ ही हर गेट पर सीसीटीवी कैमरे लगेंगे। कर्मचारी ड्रेस कोड में रहेंगे। साथ ही पी-कैप, नेम प्लेट, फ्लोरोसेंट जैकेट पहनेंगे। ठेका कंपनी को कर्मचारियों की पुलिस वेरिफिकेशन के साथ ही हर माह 10 तारीख से पहले कर्मचारियों के खाते में वेतन के रुपये डालने होंगे। साथ ही निगम को कर्मचारी के पीएफ व अन्य जरूरी सुविधाओं की जानकारी देनी होगी।

निगम करेगा मॉनिटरिंग, लापरवाही पर होगी कार्रवाई
वाहन चालकों को कोई समस्या न हो इसके लिए नगर निगम में एक मॉनिटरिंग सेल बनेगा। इससे सभी पार्किंगों के सीसीटीवी कैमरे कनेक्ट रहेंगे। किसी तरह की लापरवाही पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी। वहीं पार्किंग के बाहर टेंडर लेने वाले का नाम व मोबाइल नंबर भी लिखा जाएगा, जिससे कि आम लोग सीधे ठेकेदार से बात कर अपनी समस्या बता सकें।
विज्ञापन


पॉलिसी सख्त, बीच में नहीं भाग सकेंगे पार्किंग लेने वाले
अरुण सूद ने बताया कि इस बार सख्त पॉलिसी बनाई है, जिससे कि कॉन्ट्रेक्ट लेने वाला बीच में न भाग सके। कॉन्ट्रेक्ट पांच वर्षों के लिए होगा। 65 महीने की बैंक गारंटी भी देनी होगी। वहीं जुर्माना की राशि की वसूलने के लिए कॉन्ट्रेक्टर को 36 चेक भी लिए जाएंगे। ज्ञात हो कि इससे पूर्व जिसे टेंडर दिया गया था अंतिम दो किस्तें दिए बिना ही पार्किंग व्यवस्था को बीच में छोड गया था।

मोबाइल एप से मिलेगी वाहन चालकों को सुविधाएं
चारों जोन की पार्किंग के लिए निगम जल्द ही मोबाइल एप भी लांच करेगा। इसमें लोग नजदीकी पार्किंग की लोकेशन देख सकेंगे। वहीं पार्किंग की क्या क्षमता है यह भी देख सकेंगे। हालांकि अभी ऑनलाइन पार्किंग की व्यवस्था शुरू नहीं हुई है। इसमें थोड़ा समय लगेगा। इस एप को सभी लोग डाउनलोड कर सकेंगे।

अधिकारियों के लिए फ्री पार्किंग पर सदन में होगी चर्चा
इस बार जो निर्णय लिए गए हैं उसमें अधिकारियों के लिए फ्री पार्किंग को खत्म करने को कहा गया है। इससे काफी नुकसान हो रहा था और निगम पर अतिरिक्त बोझ बढ़ रहा था। अब सदन की बैठक में इस पर चर्चा होगी। यदि वहां इस पर मोहर लगती है तो इसे भी पास कर दिया जाएगा।

जोनल पास व स्मार्ट कार्ड के साथ ही कैशलेस सुविधा मिलेगी
पार्किंग पर केवल ई-टिकिटिंग की व्यवस्था होगी। मैनुअल में कई बार लोग घोटाला करते थे। टेंडर लेने वाले हर व्यक्ति को एक दिन और एक महीने का जोनल पास जारी करना होगा, जिससे कि लोग रोज-रोज पार्किंग शुल्क देने से बच सकें। पास पर उपयोग होने वाली पार्किंग का नाम व नंबर भी लिखा होगा। साथ ही स्वाइप मशीन के अलावा सभी एप से पार्किंग शुल्क लेना होगा। वहीं स्मार्ट कार्ड भी जारी करना होगा।

30 दिन में करना होगा समस्या का समाधान
एम्पायर फ्रंट, साहिब सिंह फ्रंट, एलांते और सुखना लेक के पास बूम बैरियर्स लगाने को कहा गया है जिससे कि सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत हो सके। यदि किसी व्यक्ति की शिकायत मिलती है तो उसे 30 दिनों के भीतर हल करना होगा। ऐसा न होने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई होगी।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें