चंडीगढ़। जेईई एडवांस की परीक्षा और रिजल्ट जारी करने का जिम्मा इस बार आईआईटी रुड़की को मिला था। रिजल्ट शुक्रवार सुबह दस बजे जारी होना था लेकिन 11 बजे जारी हुआ। जैसे ही रिजल्ट आया, आधे घंटे बाद ही वेबसाइट हैंग हो गई। पता लगा कि सर्वर डाउन है। इसके बाद स्टूडेंट्स व कोचिंग सेंटर संचालन घंटों प्रयास करते रहे लेकिन परिणाम नहीं निकले। रिजल्ट को लेकर विद्यार्थी दिनभर परेशान रहे। शाम पांच बजे के बाद वेबसाइट चली लेकिन वह भी धीरे-धीरे। इस अव्यवस्था को लेकर अभिभावक भी आक्रोशित दिखे। वहीं छात्रों की धड़कनें भी रिजल्ट को लेकर बढ़ी रहीं।
सुबह दस बजे से ही छात्र मोबाइल व इंटरनेट पर नजरें गड़ाए हुए थे लेकिन रिजल्ट जारी नहीं हुआ। उन्होंने कोचिंग संचालकों को फोन किया। कुछ दोस्तों को फोन लगाया लेकिन कहीं से भी राहत की खबर नहीं मिली कि रिजल्ट आ गया। 11 बजे के बाद अचानक रिजल्ट जारी हुआ तो हजारों छात्रों ने रिजल्ट देखना शुरू किया लेकिन 11.30 बजते ही वेबसाइट हैंग हो गई। कुछ लोगों ने आईआईटी रुड़की कार्यालय फोन लगा दिया लेकिन पता चला कि सर्वर डाउन है। दिनभर छात्रों को रिजल्ट के लिए लंबा इंतजार करना पड़ा।