पंचकूला। सेक्टर-21 के मकान में एक युवती से पिस्टल के बल पर दुष्कर्म के प्रयास मामले में फरार दो आरोपियों को फिलहाल पुलिस गिरफ्तार नहीं कर सकी है। पीड़िता ने पुलिस को दर्ज कराए बयानों में बताया कि आरोपियों में उसका पंजाब के जिला संगरूर निवासी दोस्त संजीव और उसका साथी शामिल है। पीड़िता ने बताया कि वारदात में शामिल संजीव का दोस्त गैंगस्टर है या कोई आम युवक उसे इस बारे में कोई जानकारी नहीं है। पीड़िता ने अपने 164 के बयानों में भी उससे दुष्कर्म के प्रयास की बात कही है। पुलिस अब पीड़िता का मेडिकल करवाने के बाद सैंपल जांच के लिए सीएफएसएल भेजेगी। साथ ही आरोपियों की धरपकड़ के लिए पुलिस को फिलहाल आरोपी संजीव के कॉल रिकॉर्ड की डिटेल का इंतजार है, ताकि उसका और उसके साथी का पता लग सके। पंचकूला पुलिस जल्द ही आरोपी की धरपकड़ के लिए पंजाब के जिला संगरूर में छापेेमारी करेगी। आरोपी संजीव बीते दिनों युवती को सेक्टर-21 के मकान में ले गया था। फिर उसका एक दोस्त भी वहां पहुंचा और उन्होंने पिस्टल के बल पर युवती से दुष्कर्म का प्रयास किया। विरोध करने पर आरोपियों ने युवती से मारपीट भी की थी। पुलिस को युवती को चोटें लगी मिली है। लेकिन फिलहाल जांच में यह पता नहीं लगा है कि आरोपियों ने वारदात के समय नशा किया था या नहीं।