पंचकूला। बरवाला के सरपंच बलजिन्द्र गोयल की शिकायत पर पुलिस ने पंचायती भूमि के निर्माण कार्य में रुकावट पैदा कर उन्हें धमकाने के आरोपियों पर केस दर्ज किया है। आरोपियों मेें मेघ सिंह, वीर सिंह, सतीश कुमार, रमेश कुमार, गोरख, मोंटी, रविन्द्र उर्फ बंटी और रामपाल शामिल हैं। शिकायतकर्ता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि गांव बरवाला की भूमिया जोहड़ की भूमि पर बरवाला निवासी मेघ सिंह, वीर सिंह, सतीश कुमार, रमेश कुमार, गौरख, मोंटी, रविन्द्र उर्फ बंटी और राम पाल ने कब्जा किया हुआ है। बताया कि आरोपियों द्वारा पंचायती भूमि पर सरकारी निर्माण कार्य में रुकावट पैदा करने पर उन्होंने एक अप्रैल 2019 को रामपाल के खिलाफ केस दर्ज कराया था, जो फिलहाल जमानत पर है। बताया कि निर्माण कार्य में भाजपा के मंडल प्रधान सुशील सिंगला ने उक्त आरोपियों के खिलाफ शिकायतकर्ता का सहयोग किया था। शिकायतकर्ता ने प्रशासनिक मदद से भुमिया जोहड़ के चारों तरफ नाला बनवाया और अब जोहड़ की चारदीवारी का निर्माण कार्य जारी है। लेकिन बकौल शिकायतकर्ता उक्त आरोपी इसमें रुकावट पैदा कर रहे हैं। शिकायतकर्ता ने बताया कि मंडल प्रधान सुशील सिंगला की बहू को किसी व्यक्ति ने फोन कर जान से मारने की धमकी दी है। कहा कि वह ससुर से भुमिया जोहड़ निर्माण कार्य से पीछे रहने को कहे, नहीं तो आपके लिए ठीक नहीं होगा। शिकायतकर्ता ने बताया कि बीते 9 जून को वह भुमिया जोहड़ पर निर्माण कार्य देखने जाने लगे तो बीच रास्ते में पड़ने वाली एक चक्की के मालिक मिंटू ने उन्हें बताया कि किसी व्यक्ति ने उससे आकर कहा कि उनका कोर्ट से कुछ नहीं बना। उसने कहा कि अब वह सरपंच और उसका साथ देने वाले को पांच-दस लाख रुपये खर्च कर गोली से उड़वा देंगे। धमकाने वाले व्यक्ति ने उसकी यूपी में रिश्तेदारियां बताई। कहा कि जिस प्रकार नया गांव, नारायणगढ़ में सरपंच की हत्या की गई और गवाहों को दिए गए सुरक्षा कर्मचारी को गोली मार दी गई, वही काम करना पड़ेगा। सरपंच ने पुलिस को दी शिकायत में धमकाने वाले व्यक्ति के उक्त आरोपियों का जानकार होने की आशंका जताई। शिकायतकर्ता सरपंच ने आरोपियों से उन्हें और उनके परिवार और सुशील सिंगला व उनके परिवार को खतरा बताया। चंडीमंदिर थाना पुलिस ने आरोपियों पर केस दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है।