पंचकूला। सकेतड़ी की मानव कालोनी के मकान की छत पर सो रहे एक राज मिस्त्री पर उसके साथ के ही लोगों ने हमला कर दिया। हमलावरों ने राज मिस्त्री के सिर पर किसी भारी चीज से हमला किया, जिससे उसके सिर में गंभीर चोट आई है। इसके बाद भी हमलावरों ने उससे जमकर मारपीट की। लेकिन हैरत की बात यह है कि नीचे सो रहे मकान मालिक दंपती ने पुलिस को वारदात की भनक नहीं लगने की बात बताई। हमलावरों के फरार होने पर घायल राज मिस्त्री ने मकान मालिक दंपती को फोन कर ऊपर आने को कहा। फोन सुनने के बाद देर रात जब मकान मालिक छत पर गए तो राज मिस्त्री को फोल्डिंग के पास लहूलुहान हालत में गिरा पड़ा देखा। फिर उन्होंने तुरंत बाद वारदात की सूचना पुलिस को दी। स्थानीय चौकी और थाना मनसा देवी से मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मी घायल की नाजुक हालत देख उसे तुरंत चंडीगढ़ स्थित पीजीआई ले गए, जहां उसे भर्ती कर लिया गया। घायल वारदात वाले मकान में राज मिस्त्री का काम करने वाला सुमित है। डॉक्टरों की ओर से उसे अनफिट बताने पर फिलहाल पुलिस उसके बयान दर्ज नहीं कर सकी है। हालांकि पुलिस फरार हमलावरों पर केस दर्ज करने की प्रक्रिया सहित उनका सुराग तलाशने के प्रयासों में जुटी थी।