रायपुररानी। आरटीए पंचकूला ने रायपुररानी में बुधवार को बिना परमिट के चलाए जा रहे छह वाहनों को जब्त किया। तड़के 3 बजे नाका लगाकर वाहनों की जांच करते हुए वाहन रायपुररानी पुलिस थाने में जब्त कर दिए। इसमें पर्यटकों की दो बसे भी शामिल थीं। विभाग की इस कार्रवाई से बसों में सवार पर्यटकों को करीब 8 घंटे थाने में गुजारने पड़े। इसी बीच कुछ यात्रियों की तबियत भी बिगड़ती देखी गई।
विभाग की यह कार्रवाई इलाके के लोगों में चर्चा का विषय बन गई है। लोगों का कहना है कि विभाग ने जो कार्रवाई बिना परमिट वाहनों पर की है ऐसी कार्रवाई ओवरलोड वाहनों पर क्यों नहीं की जा रही है। इन ओवरलोड वाहनों से रोजाना इलाके की सड़कों पर हादसे घटित हो रहे हैं। फिर भी इस कार्रवाई से उनको बक्शा जाना जांच का विषय है।
बरवाला में भी टूरिस्ट बस को जब्त किया, यात्री परेशान
बरवाला। महिला यात्रियों से भरी बस को बुधवार सुबह तड़के करीब साढ़े तीन बजे पुलिस थाना में बिना किसी महिला कर्मियों के हवाले कर दिया। इससे वृद्ध महिलाएं सुबह 3 बजे से थाने में परेशान होती रहीं। यात्रियों का कहना है कि आरटीए ट्रेवल बस का चालान काट कर अपनी विभागीय कार्रवाई कर लेते तो उन्हें परेशानी न उठानी पड़ती।