चंडीगढ़। बहलाना गांव में बुधवार को मेयर राजेश कालिया और कमिश्नर केके यादव डोर-टु-डोर कूड़ा उठाने वाली गाड़ियों को हरी झंडी दिखाने पहुंचे थे। इस दौरान गांव के लोगों ने मेयर और कमिश्नर से कहा कि गांव की सड़कें काफी जर्जर हैं। हालत यह है कि पैदल चलना तक मुश्किल है। ऐसे में यहां पर कचरा उठाने वाली गाड़ियां कैसे चलेंगी। इस पर मेयर ने तुरंत कमिश्नर से रोड बनवाने को कहा। इसके बाद कमिश्नर ने चीफ इंजीनियर को फोन लगाकर गांव का निरीक्षण कर समस्या का हल करने का निर्देश दिया।
बता दें कि निगम में शामिल हुए सभी 13 गांवों में डोर-टु-डोर कूड़ा उठाने के लिए 55 वाहन खरीदे गए हैं। बहलाना और रायपुर खुर्द में सूखा और गीला कचरा अलग-अलग इकट्ठा करने के लिए 9 वाहनों को बुधवार को हरी झंडी दिखाई गई। इस दौरान मेयर ने कहा कि ये वाहन बहलाना में 2700 और रायपुर खुर्द में लगभग तीन हजार घरों से कचरा इकट्ठा करेंगे। बताया कि डोर-टु-डोर कचरा कलेक्शन के लिए 3.2 क्यूबिक मीटर क्षमता वाले 99 वाहन खरीदे गए हैं। जो शहर व गांव में सूखा और गीला कचरा अलग-अलग इकट्ठा करेंगे। इससे पहले 10 वाहनों को सारंगपुर और खुड्डा जस्सू में चलाया जा चुका है।
स्ट्रीट लाइट नहीं, सर्कल रोड भी जर्जर
ग्रामीणों ने बताया कि गांव में कहीं भी स्ट्रीट लाइट नहीं ंहै। जहां लाइटें लगी भी थीं, वो खराब हो चुकी हैं। ऐसे में अंधेरे में कई बार ग्रामीण गिरकर चोटिल हो चुके हैं। वहीं सर्कल रोड पूरी तरह से जर्जर हो गई है। कई बार कहा गया, लेकिन कोई अधिकारी देखने तक नहीं आया। इसके अलावा ग्रामीणों ने कहा कि नहर से गांव के वाटर कैनाल को जोड़ा जाए, जिससे कि पानी का प्रेशर हाई हो सके। समस्याएं सुनने के बाद मेयर व कमिश्नर ने पूरे गांव का निरीक्षण कर जल्द समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया।
शनिवार को चीफ इंजीनियर संग दौरा करेंगे मेयर
लोगों ने कहा कि पानी की काफी समस्या है। टैंकरों से भी पेयजल आपूर्ति नहीं हो रही है। मेयर ने लोगों की समस्या सुनने के बाद सारंगपुर, खुड्डा जस्सू, खुड्डा लाहौरा व धनास गांव में शनिवार को चीफ इंजीनियर के साथ जाने का निर्णय लिया। मेयर ने ककहा कि अधिकारियों को गांव की हकीकत दिखाऊंगा। साथ ही समस्याओं का जल्द निराकरण हो इसके लिए उन्हें साथ ले जा रहा हूं।