पंचकूला। सेक्टर-1 स्थित माजरी चौक के समीप सोमवार देर शाम ट्रक नंबर एचपी12एफ-8649 के ड्राइवर ने बाइक सवार दो महिलाओं समेत तीन लोगों को टक्कर मार दी। तेज रफ्तार में पीछे से लगी टक्कर से बाइक नंबर पीबी-70ई-2168 पर सवार दोनों महिलाएं और चालक घसीटते हुए दूर जाकर गिरे। तीनों को लहूलुहान हालत में सड़क पर गिरा देख अन्य राहगीरों ने हादसे की सूचना पुलिस को दी। सेक्टर-7 चौकी के पुलिसकर्मियों ने घटनास्थल पर पहुंचकर घायलों को सिविल अस्पताल-6 पहुंचाया। ड्यूटी डॉक्टरों ने एक महिला को मृत घोषित कर दिया, जबकि दूसरी बुजुर्ग महिला की गंभीर हालत पर उन्हें पीजीआई रेफर किया गया। पुलिस ने बाइक चालक की हालत भी देर रात तक नाजुक होनी बताई। घायलों में गुलाबगढ़, डेराबस्सी निवासी मोहम्मद श्मशाद और उनकी मां दिलशाद बेगम हैं। जबकि मृतका की पहचान मो. श्मशाद की पत्नी फरजाना परवीन के रूप में हुई है। वहीं, हादसे के बाद घटनास्थल पर आरोपी ट्रक ड्राइवर को मौके पर ही काबू कर लिया गया।
चश्मदीद बोले, मौके पर किया था चालक को गिरफ्तार, लेकिन पुलिस कर रही इंकार
आरोपी को घटनास्थल पर पहुंची पुलिस के हवाले कर दिया। सेक्टर-7 स्थित चौकी के पुलिसकर्मियों ने आरोपी ट्रक चालक के खिलाफ केस दर्ज कर उसे काबू किया। लेकिन सेक्टर-7 चौकी के इंचार्ज मोहन लाल से बात करने पर उन्होंने आरोपी को अरेस्ट नहीं करने की बात कही। हालांकि, उन्होंने आरोपी को पंजाब निवासी जोगा सिंह बताया। लेकिन उसकी गिरफ्तारी से इनकार किया। वहीं मौके पर मौजूद लोगों ने पुलिस द्वारा आरोपी को अरेस्ट करने की बात कही। पुलिस ने क्षतिग्रस्त बाइक और ट्रक को भी कब्जे में लिया। पुलिस जांच में पता लगा कि कब्जे में लिया गया ट्रक माजरी चौक के समीप ही अन्य ट्रकों के साथ खड़ा देखा गया है।
भोग से लौट रहा था परिवार
मोटरसाइकिल सवार मोहम्मद श्मशाद पत्नी फरजाना परवीन और मां के साथ डेराबस्सी से पिंजौर किसी रिश्तेदार के भोग में गया था। देर शाम वहां से बाइक से लौटते समय जब वे माजरी चौक पहुंचे तो ट्रक चालक ने उनकी बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।