चंडीगढ़। स्टेट इंटर डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट टूर्नामेंट फॉर कटोच शील्ड के पहले दिन रविवार को रोपड़ की पहली पारी में 108 रनों के जवाब में चंडीगढ़ की टीम ने पहले दिन का खेल समाप्त होने पर 5 विकेट के नुकसान पर 371 रन बना लिए हैं। यह मुकाबला सेक्टर-16 क्रिकेट स्टेडियम में खेले जा रहा है। रोपड़ ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया।
रोपड़ की शुरुआत अच्छी नहीं रही और एक के बाद एक विकेट गिरते चले गए। पूरी टीम 108 के स्कोर पर ढेर हो गई। टीम से इंद्रप्रीत सिंह ने 26 रन और पी.भाटिया ने भी 26 रनों की पारी खेली। चंडीगढ़ की ओर से भागमेंद्र सिंह ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 15 रन देकर 4 विकेट, सिद्धार्थ कौल ने 13 रन देकर 3 विकेट चटकाए। जगजीत सिंह, अर्शदीप व अर्पित सिंह ने 1-1 विकेट चटकाए।
जवाब में चंडीगढ़ की शुरुआत भी अच्छी नहीं रही और टीम के सलामी बल्लेबाज मनन वोहरा 04 और शिवम भाबंरी 01 रन पर सस्ते में आउट हो गए। इसके बाद क्रीज पर आए अर्जित सिंह व गौरव पुरी ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए टीम के स्कोर को 200 के पार पहुंचाया। इस बीच दोनों खिलाड़ी शतक लगाने में सफल रहे। गौरव पुरी ने 3 छक्के व 15 चौके की मदद से 110 रनों की पारी खेली। इसके बाद क्रीज पर आए तलविंद्र सिंह ने अर्जित सिंह के साथ मिलकर बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए चंडीगढ़ का स्कोर 300 के पार पहुंचाया। इसी बीच अर्जित सिंह को हेमंत ने आउट किया। अर्जित सिंह ने 4 छक्के व 19 चौके की मदद से 151 रनों की पारी खेली।
वहीं दूसरे छोर पर तलविंद्र सिंह ने 2 छक्के व 13 चौके की मदद से नाबाद 88 रनों की पारी खेली। पहले दिन का खेल खत्म होने तक चंडीगढ़ ने 64 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 371 रन बना लिए हैं।