चंडीगढ़। 11वीं क्लास में एडमिशन के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया अब समाप्त हो गई है। एजुकेशन विभाग के पास इस बार 18 हजार 575 रजिस्ट्रेशन आए हैं। यह पहली बार है जब एडमिशन के लिए विभाग के पास इतने ज्यादा आवेदन आए हैं। इनमें से 16 हजार 724 स्टूडेंट्स फीस भी जमा करा चुके हैं। वहीं फीस जमा कराने के लिए 17 हजार 544 स्टूडेंट चंडीगढ़ शिक्षा विभाग की वेबसाइट पर अटेंप्ट कर चुके हैं। शहर के 40 सीनियर सेकेंडरी स्कूल हैं, जिसमें 12 हजार 833 सीटों के लिए एडमिशन होना है। इनमें साइंस, कॉमर्स, आर्ट्स और वोकेश्नल स्ट्रीम मौजूद हैं।
11वीं में ज्यादा संख्या में आए आवेदन को देखते हुए माना जा रहा है कि इस बार स्टूडेंट्स को अपने मनपसंद स्कूल में दाखिला लेने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ सकती है। आवेदकों में चंडीगढ़ के आलावा पंचकूला, मोहाली, जीरकपुर आदि के काफी संख्या में विद्यार्थी हैं। इस बार शिक्षा विभाग का परिणाम भी 75.27 प्रतिशत है, जिसकी वजह से भी ज्यादा आवेदन आए हैं। शिक्षा विभाग ने एडमिशन का कार्य नेशनल इंस्टीट्यूशन ऑफ इलेक्ट्रोनिक एंड इंफ्रोमेशन टेक्नोलॉजी (नाइलेट) को दिया है।
स्कूल एवं स्ट्रीम अलॉटमेंट की सूची 25 जून को
पहली काउंसलिंग के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया समाप्त हो गई है। फॉर्म की हार्ड कॉपी शहर के 6 स्कूलों में 8 जून तक जमा होंगे। कॉमन मेरिट सूची 18 जून को सुबह 11 बजे से देखी जा सकती है। इस दौरान आवेदकों को अगर कोई त्रुटि दिखे तो वे 19 जून को दोपहर 2 बजे तक उसे ठीक कराने के लिए आवेदन कर सकते हैं। स्कूल एवं स्ट्रीम अलॉटमेंट की सूची 25 जून को डिस्प्ले की जाएगी, जबकि फीस 28 जून से 29 जून तक जमा की जाएगी। कक्षाएं 1 जुलाई से शुरू होंगी।
15 जुलाई से दूसरी काउंसलिंग
दूसरी काउंसिलिंग के दौरान स्कूल/स्ट्रीम में बदलाव करवाने के लिए 15 जुलाई से 17 जुलाई तक आवेदन किया जा सकता है। नए रजिस्ट्रेशन फॉर्म के साथ नए आवेदक फीस 15 जुलाई तक जमा करवा सकते हैं। रजिस्ट्रेशन फॉर्म के साथ जरूरी दस्तावेजों की कॉपी भी 17 और 18 जुलाई को 6 स्कूलों में जमा करवाई जा सकती है। इस काउंसलिंग में स्कूल एवं स्ट्रीम अलॉटमेंट की सूची 25 जुलाई को डिस्प्ले की जाएगी। जबकि सीट अलॉट होने वाले स्कूल की फीस 26 और 27 जुलाई को सुबह 9 से 11 बजे तक जमा करवाई जाएगी।
स्कूलों में हॉर्ड कॉपी जमा कराने का आज आखिरी दिन
जीएमएसएसएस-20डी
जीएमएसएसएस-37डी
जीएमएसएसएस-38 वेस्ट
जीएमएसएसएस-46
जीएसएसएस-मौलीजागरां
जीएमएसएसएस-एमएचसी