चंडीगढ़। स्टेट इंटर डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट टूर्नामेंट फॉर कटोच शील्ड में पटियाला और चंडीगढ़ की टीमाें के बीच मैच ड्रॉ रहा। इस मैच में पटियाला को चंडीगढ़ के खिलाफ पहली पारी में बढ़त के आधार पर 3 अंक मिले और चंडीगढ़ को 1 अंक मिला पाया। दो दिवसीय टूर्नामेंट पटियाला के ध्रुव पांडव स्टेडियम में खेला गया। आखिरी दिन चंडीगढ़ ने पटियाला के 215 रनाें के जवाब में पहली पारी में कुल 184 रन बनाए। टीम से शिवन भांवरी ने शतक जमाया और 105 रन की पारी खेली। इसमें 8 चौके और 4 चौके शामिल रहे। गेंदबाजी में करन कालिया ने 24 ओवर में 56 रन देकर 6 विकेट चटकाए।
इसके बाद पटियाला ने अपनी दूसरी पारी की बेहतरीन तरीके से शुरुआत की। टीम के सलामी बल्लेबाज प्रभसिमरन सिंह ने शानदार दोहरा शतक जड़ दिया। इन्होंने कुल 184 गेंदों का सामना करते हुए 24 चौके और 9 छक्कों की मदद से 213 रन की पारी खेली। अन्य बल्लेबाज करन कालिया ने 38 रन और मनदीप ने 17 रन बनाए। दूसरे और आखिरी दिन का खेल खत्म होने तक पटियाला ने 6 विकेट पर 321 रन बनाए। चंडीगढ़ से गेंदबाजी में भागमेंद्र सिंह ने 23 ओवर में 96 रन देकर 3 विकेट, रमन ने 1, अर्पित ने 1, जगमीत सिंह ने 1 विकेट चटकाया।