पंचकूला। बीती 20 मई की शाम सेक्टर-20, 21 की डिवाइडिंग रोड पर लगे पंचकूला व बिजनौर पुलिस के संयुक्त नाके को तोड़कर फरार दो हत्यारोपियों में से एक सुनील राणा को बिजनौर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी सुनील राणा के खिलाफ पंचकूला के सेक्टर-20 थाने में भी केस दर्ज है। अब पंचकूला पुलिस आरोपी सुनील राणा को उसके खिलाफ पंचकूला में दर्ज केस में प्रोडक्शन वारंट पर लाकर पूछताछ करेगी। ताकि उसके पंचकूला समेत ट्राईसिटी के किसी नेटवर्क का पता लग सके। सुनील राणा समेत फरार उसका दूसरा साथी बिजनौर में यूपी चुनाव से एक दिन पहले व्यक्ति की हत्या मामले में नामजद हैं। इस वारदात में दो लोग घायल हुए थे। बीती 20 मई को बिजनौर पुलिस ने हत्यारोपी सुनील राणा समेत अन्यों की धरपकड़ के लिए उक्त डिवाइडिंग रोड पर नाका लगाया था। लेकिन हत्यारोपियों ने पुलिस को देख उनकी जगुआर कार नंबर सीएच01एएम-4058 तेज रफ्तार में दौड़ा ली। सेक्टर-20 की सड़क लांघकर कार सेक्टर-21 की सड़क पर रांग साइड जा उतरी। डिवाइडर से टकराकर गाड़ी का टायर फटने सहित एलॉय व्हील टूट गया और एयर बैग खुल गए थे। सुनील राणा समेत अन्य आरोपी गाड़ी से नीचे उतरकर फरार होने लगे तो उनसे कारतूसों से भरी एक पिस्टल नीचे गिर गई थी। बिजनौर पुलिस की गिरफ्त में पहले से रोहित नामक आरोपी था।