सीएम विंडो की शिकायत के बाद हटाया अतिक्रमण
अमर उजाला ब्यूरो
पंचकूला। नगर निगम की ओर से सेक्टर-11 में सीएम विंडो पर शिकायत के बाद दो मकानों के साथ किए गए अवैध अतिक्रमण को हटाया गया। सेक्टर के ही टीएल कौशिक ने सीएम विंडो पर शिकायत दी थी। इसमें पूरी जांच के बाद नगर निगम द्वारा मकानों के आसपास अतिक्रमण था। निगम के कार्यकारी अधिकारी जरनैल सिंह ने बताया कि अतिक्रमण के मामलों में जांच में समय लगता है। इसलिए डीसी की ओर से एक ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किया गया और पुलिस फोर्स के साथ निगम की टीम ने जेसीबी की मदद से अतिक्रमण को हटवा दिया गया।
टीएल कौशिक ने शिकायत में कहा था कि मकान नंबर-645 और 680 ने ग्रीन बेल्ट पर अतिक्रमण कर रखा है, जिससे सड़क छोटी हो गई है। उसे खाली करवाया जाए। लगभग दो साल तक मामले में निगम की ओर से कागजों की जांच के बाद पाया गया कि ग्रीन बेल्ट के पास कब्जा किया गया है। इसके चलते बिल्डिंग इंस्पेक्टर के नेतृत्व में टीम को भेजा गया, जिन्होंने ग्रीन बेल्ट पर हो रखे अतिक्रमण को हटवा दिया। स्थानीय लोगों ने निगम के प्रयासों की सराहना की है। नगर निगम के कार्यकारी अधिकारी जनरैल सिंह ने कहा कि सीएम विंडो पर शिकायतों को तुरंत प्रभाव से निपटाने के लिए प्रयास किये जा रहे हैं।
वहीं निगम की टीम ने सकेतड़ी में एक प्राइवेट कंपनी द्वारा एक घर के ऊपर टॉवर लगाने के लिए बनाई गई फाउंडेशन को तुड़वा दिया गया। कार्यकारी अधिकारी जनरैल सिंह ने कहा कि हमारे पास शिकायत आई थी कि टॉवर लगाने के लिए फाउंडेशन बना दी गई है, जबकि टॉवर लगाने के लिए परमिशन नहीं दी गई थी। इसके बावजूद काम जारी था, इसलिए फाउंडेशन तोड़ दी गई है।