वर्क सस्पेंड: गीतांजलि, सुनपेड और जाट आंदोलन केस में नहीं हुई सुनवाई
- वकील मांगों को लेकर जिद पर अड़े, कोर्ट का कार्य प्रभावित
- मामले को जल्द न सुलझाने पर अनिश्चितकालीन हड़ताल की दी चेतावनी
अमर उजाला ब्यूरो
पंचकूला। जिला बार एसोसिएशन के सदस्यों की हड़ताल चौथे दिन शुक्रवार को भी जारी रही। हड़ताल के चलते गीतांजलि मर्डर, सुनपेड और जाट आंदोलन के दौरान आगजनी मामले की सुनवाई नहीं हो पाई। जबकि दोनों केसों के आरोपी कोर्ट में पेश हुए। लेकिन कोर्ट ने अगली तारीख लगाकर वापस भेज दिया। तीनों केसों से संबंधित वकीलों ने बताया कि कोर्ट ने गीतांजलि मर्डर की सुनवाई के लिए अगली तारीख पांच अप्रैल सुनिश्चित की है, जबकि गीतांजलि मर्डर केस में 14 मई और जाट आंदोलन मामले की सुनवाई को 18 अप्रैल की तारीख लगाई है।
पंचकूला बार एसोसिएशन के प्रधान उमेश माहौर ने बताया कि वकील विकास शर्मा से की गई अभद्रता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस मामले को हल न किया गया तो वे अनिश्चित कालीन हड़ताल पर जाएंगे। हड़ताल के दौरान पंचकूला बार एसोसिएशन के प्रधान उमेश कुमार माहौर, उपप्रधान मनोज गौड़, सचिव दिव्य प्रताप सिसोदिया, संयुक्त सचिव समीक्षा शर्मा, वित्त सचिव साहिल गोयल व उदित महेंदीरत्ता, सुरेश रोहिल्ला, सतीश कादियान सहित अन्य वकीलों ने हड़ताल करते हुए अपनी नाराजगी जताई। वकीलों ने कहा कि वे इस प्रकार का व्यवहार कतई बर्दाश्त नहीं करेंगे और जब तक कार्रवाई नहीं होती तब तक हड़ताल पर रहेंगे।