मोदी को प्रधानमंत्री बनाने के लिए देश की यात्रा पर निकलीं राजलक्ष्मी
पंचकूला पहुंचने पर भाजपा ने किया भव्य स्वागत
अमर उजाला ब्यूरो
पंचकूला। नरेंद्र मोदी को फिर से प्रधानमंत्री बनाने के लिए पूरे देश की यात्रा पर निकली कर्नाटक की राजलक्ष्मी मंदा व उनकी टीम सोमवार को पंचकूला पहुंची। भाजपा कार्यालय पर जिला अध्यक्ष दीपक शर्मा द्वारा राजलक्ष्मी व उनकी पूरी टीम का फूल माला पहनाकर स्वागत किया गया। राजलक्ष्मी मंदा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का प्रचार करने के लिए 15 जनवरी 2019 को चेन्नई से देशभर की यात्रा के लिए निकली हैं। आज पंचकूला पहुंचने पर भाजपा कार्यालय में कार्यकर्ताओं द्वारा उनका जोरदार स्वागत किया गया। उनका हरियाणा में 11 मार्च से 16 मार्च तक छे दिनों का कार्यक्रम है।
आगामी छह दिनों में वह प्रदेश के 21 जिलों में लगभग 1400 किलोमीटर की यात्रा करेंगी। मिशन मोदी 2019 के तहत राजलक्ष्मी की यह यात्रा दर्शाती है कि युवाओं में और महिलाओं में मोदी के प्रति कितना उत्साह है। इस बाइक रैली के जरिए वह नरेंद्र मोदी को दोबारा प्रधानमंत्री बनाने के लिए देशवासियों से अपील करने निकली है। उनकी यह यात्रा चेन्नई से दिल्ली तक लगभग 15500 किलोमीटर की होगी। बाइक के जरिए चेन्नई से शुरू हुई यह यात्रा 8 राज्यों से होकर गुजरेगी। राजलक्ष्मी के साथ उनकी टीम के 25 लोग यात्रा में शामिल है। भाजपा जिला पंचकूला के कार्यकर्ताओं ने राजलक्ष्मी मंदा व उनकी पूरी टीम को शुभकामनाएं देकर आगे की यात्रा के लिए रवाना किया। आज इस मौके पर जिला महामंत्री हरेंद्र मलिक, वरेंद्र राणा, पिंजौर मंडल अध्यक्ष सुनील धीमान, महिला मोर्चा महामंत्री वैशाली, युवा मोर्चा अध्यक्ष योगेंद्र शर्मा सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।