डीएलएड री-अपीयर की परीक्षा संपन्न
- हरियाणा शिक्षा बोर्ड अध्यक्ष ने किया निरीक्षण
अमर उजाला ब्यूरो
पंचकूला। प्रदेशभर में हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की ओर से आयोजित डीएलएड (रि-अपीयर) जनवरी-2019 की परीक्षा का संचालन बुधवार से आरंभ हो गया है। डीएलएड प्रथम वर्ष (रि-अपीयर-नवीन पाठ्यक्रम) एवं द्वितीय वर्ष (रि-अपीयर-पुराना पाठ्यक्रम) परीक्षा में नकल के कुल 08 मामले दर्ज किए गए है। बोर्ड अध्यक्ष डॉ. जगबीर सिंह ने बताया कि उनके स्वयं के उड़नदस्ते की ओर से भिवानी के परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया गया। जहां परीक्षा शांतिपूर्ण चल रही थी। उन्होंने बताया कि नकल पर अंकुश लगाने के लिए बोर्ड अध्यक्ष के स्पेशल उड़नदस्तों की ओर से प्रदेश भर के सभी परीक्षा केंद्रों का दौरा किया गया। जिसमें हिसार, महेन्द्रगढ़ व रोहतक के परीक्षा केंद्रों पर नकल के 03 मामले दर्ज किए गए। उन्होंने बताया कि रैपिड एक्शन फोर्स ने 05 मामले दर्ज किए है। बोर्ड अध्यक्ष डॉ. जगबीर सिंह ने बताया कि परीक्षाओं में नकल व अन्य अनुचित साधनों के इस्तेमाल पर रोक लगाने के लिए अध्यक्ष ने 22 स्पेशल अति प्रभावी अध्यक्ष उड़नदस्ते गठित किए हैं, जो कि प्रदेशभर में सभी जिलों के परीक्षा केंद्रों पर पैनी निगाहें बनाए हुए हैं।