पिंजौर-बद्दी मार्ग को फोरलेन करने की मांग की
पिंजौर। पिंजौर-बद्दी सड़क मार्ग को फोरलेन मार्ग बनाने के लिए विधायक लतिका शर्मा ने सड़क एवं परिवहन मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात की। विधायक ने बताया कि पिंजौर शहर को पड़ोसी राज्य हिमाचल के औद्योगिक शहर बद्दी से जोड़ने वाले पिंजौर-बद्दी सड़क मार्ग को फोरलेन करने के लिए उन्होंने केंद्रीय मंत्री के सामने मांग रखी। विधायक ने बताया कि फिलहाल यह सिंगल रोड़ है जबकि इस मार्ग से प्रतिदिन आवाजाही करने वाले हल्के और भारी वाहनों की संख्या अधिक है। सिंगल रोड़ होने के कारण इस मार्ग पर सड़क हादसों की संभावना भी अधिक रहती है। इस मार्ग को फोरलेन बनने से सड़क दुर्घटनाओं में भी कमी आएगी। इस दौरान विधायक लतिका शर्मा के साथ सांसद रत्नलाल कटारिया, बद्दी विधायक परमजीत पम्मी आदि मौजूद रहे।