अब कालेजों को जल्द मिलेगी मान्यता, पीयू बदलेगा नियम
कई मानकों की जांच ऑनलाइन ही होगी, पंजाब यूनिवर्सिटी बना रही है योजना
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। पंजाब विश्वविद्यालय से जो भी कालेज मान्यता लेंगे अब उन्हें आसानी से और जल्द ही मान्यता मिल जाएगी। इसके लिए पीयू कुछ नियमोें में बदलाव की योजना बना रहा है। साथ ही कुछ मानकों की जांच ऑनलाइन करने की भी योजना है। अब तक कालेजों को मान्यता देने के नियम कड़े थे। इसके कारण कालेज अधिक नहीं खुल पा रहे हैं। साथ ही कोई मान्यता के लिए आवेदन भी करता हैं तो उसे मान्यता देने में देरी होती है। कई बार मौके पर जाकर निरीक्षण करना पड़ता है। इस प्रक्रिया से पैसे भी खर्च होते हैं। उसका भार कालेज प्रबंधन पर पड़ता है। सूत्रों का कहना है कि इसी को ध्यान में रखते हुए अब पीयू मान्यता देने के लिए ऑनलाइन व्यवस्था की ओर बढ़ रहा है। भवन, शिक्षण कक्ष, लाइब्रेरी, सुरक्षा दीवार, जमीन के अभिलेख आदि की जांच ऑनलाइन ही कर ली जाएगी। इसके अलावा प्रशिक्षित शिक्षकों का रिकार्ड भी ऑनलाइन दिख जाएगा। कालेजों के अन्य अभिलेख भी ऑनलाइन देखे जा सकेंगे। सूत्रों का कहना है कि नए शैक्षिक सत्र में नई व्यवस्थाएं होने जा रही हैं। मालूम हो कि पीयू से संबंधित कालेजों की संख्या 192 है। चार से पांच कालेज मार्च तक और खुलेंगे। उन्होंने मान्यता के लिए आवेदन किया हैं।