लोगों की पहली पसंद ऑन ग्रिड सोलर पावर प्लांट: मुकुल कुमार
- किसानों को सिंचाई के लिए सोलर ट्यूबवेल लगाने को 75 प्रतिशत अनुदान दिया
अमर उजाला ब्यूरो
पंचकूला। प्रदेश सरकार के नवीन एवं नवीनीकरण ऊर्जा विभाग की ओर से सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए कई प्रभावी एवं कारगर योजनाएं क्रियान्वित की जा रही हैं। इन योजनाओं के तहत विशेषकर किसानों को भारी मात्रा में सब्सिडी दी जा रही है। विभाग की ऑन ग्रिड सोलर पावर प्लांट योजना ने पंचकूला के लोगों पर अमिट प्रभाव छोड़ा है और इसकी मांग लगातार बढ़ रही है। इस योजना से जिले में एक हजार किलोवाट सौर ऊर्जा से बिजली बनाने का लक्ष्य रखा गया था। जिसे पूरा करके विभाग ने 500 किलोवाट सौर ऊर्जा से अतिरिक्त बिजली बनाने के लिए भी अलग से डिमांड मांगी है। क्योंकि इस परियोजना में जिला के लोग बढ़-चढ़कर भाग ले रहे हैं और अपने घरों पर सौर ऊर्जा के प्लांट लगाने के लिए निरंतर विभाग से तालमेल बनाए हुए हैं। यह जानकारी उपायुक्त मुकुल कुमार ने दी।
उन्होंने कहा कि ऑन ग्रिड सोलर पावर प्लांट योजना के तहत 500 वर्ग गज के मकानों, प्राइवेट शिक्षण संस्थान, स्कूल, कालेजों, हॉस्टल, टेक्निकल व वोकेशनल संस्थानों, यूनिवर्सिटी, सभी प्राइवेट अस्पताल, नर्सिंग होम, वाणिज्यिक संस्थान, मॉल, होटल, मोटल, बैंक्वेंट हाल तथा अतिथि गृहों, हाऊसिंग सोसायटी, हाऊसिंग बोर्ड तथा सभी सरकारी इमारतों, ऑफिस, सरकारी कॉलेज और सभी शिक्षण संस्थानों में बिजली की खपत का 5 या कम से कम एक किलोवाट लोड का सोलर पावर प्लांट लगाना अनिवार्य किया है। इस योजना में अब तक एक करोड़ 50 लाख रुपए की सब्सिडी का लाभ पंचकूला के लोगों को मुहैया करवाया गया है। जिले के 137 लोगों के घरों की छतों पर तथा 10 प्राइवेट स्कूलों ने इसका लाभ उठाया है। इसके माध्यम से एक लाख 44 हजार से भी ज्यादा प्रति वर्ष प्रति किलोवाट बिजली की पैदावार की जाने लगी है।