सूखा और गीला कूड़ा अलग करने के लिए प्रेरित किया
अमर उजाला ब्यूरो
पंचकूला। स्वच्छ मंच और नगर निगम द्वारा लोगों को सूखा और गीला कूड़ा अलग करने के लिए प्रेरित किया गया। गुरुकुल कालोनी सेक्टर 1 पंचकूला में स्वच्छ मंच अभियान के तहत वॉलंटियर्स ने लोगों को दोनों कूड़े अलग करने के फायदे समझाए और कहा कि कूड़ा सेग्रीगेट करने से काफी लाभ होता है। इस दौरान कालोनी में जगह-जगह सफाई की गई। लोगों को गीले और सूखे कूड़े को अलग करने के बारे में समझाया गया। मंदिर परिसर में भी सफाई की गई। निगम प्रशासक राजेश जोगपाल और ईओ जरनैल सिंह ने बताया कि पंचकूला को स्वच्छ सर्वेक्षण 2019 में अव्वल लाने के लिए हम सभी को प्रयास करने हैं। आज लोग कहने लगे हैं कि चंडीगढ़ से भी अच्छे प्रयास पंचकूला में हो रहे हैं। कई बातें चंडीगढ़ अब पंचकूला से अडॉप्ट कर रहा है। वहीं सुबह सेक्टर-7 के पार्क में सफाई अभियान लोगों के सहयोग से चलाया गया। पार्क में पड़े कूड़े को कूड़ादानों में डाला गया। मौके पर प्रवीण चौधरी, अभिषेक मेहता, गौतम मुंजाल सहित रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन सेक्टर-7 और मार्केट के पदाधिकारी भी मौजूद रहे। लोगों ने पंचकूला स्वच्छ मिशन में अव्वल लाने की शपथ भी ली।