जल्द मिलेगी खेतपुराली-त्रिलोकपुर नदी पर पुल की सुविधा
बरवाला। गांव खेतपुराली व त्रिलोकपुर के बीच आने वाली नदी पर पुल न होने से खेतपुराली, सबीलपुर, टिब्बी, बुंगा, रत्तेवाली, त्रिलोकपुर, पारवाला, कंडयाईवाला, टपरियां, भूड़, गणेशपुर सहित कई गांवों के ग्रामीणों को बरसात के दिनों में बड़ी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था और इन गांवों का बरसात के दिनों मेें आपसी संपर्क पूरी तरह से कट जाता था। गांव खेतपुराली के सरपंच राजेश शर्मा, रत्तेवाली के सरपंच रॉकी राम, बीडीसी सदस्य रवि भूषण, ग्रामीण बचना राम, मदन पाल, नरेश कुमार, गुलाब सिंह, होशियार सिंह, शराबा सिंह व अमर चंद आदि ने बताया कि इन गांवों के लोग पिछले काफी लंबे समय से नदी पर पुल बनाने की मांग करते आ रहे थे। अपनी इस समस्या को उन्होंने मौजूदा विधायक व मुख्य सचेतक ज्ञान चंद गुप्ता के सामने में रखी थी जिस पर विधायक ने इस नदी पर पुल मंजूर करवाकर इसका निर्माण कार्य शुरू करवा दिया। वहीं विधायक ने बताया कि इस पुल का निर्माण साढ़े आठ करोड़ रुपये की लागत से करवाया जा रहा है और जल्द ही यह पुल बनकर तैयार होगा और ग्रामीणों को इसकी सुविधा मिलेगी। उपरोक्त ग्रामीणों ने इस पुल को बनाने पर विधायक का आभार जताया।