पुलिस कांस्टेबल पद के लिए 13,284 परीक्षार्थियों ने दी परीक्षा
- उपायुक्त ने किया परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण
अमर उजाला ब्यूरो
पंचकूला। पुलिस कांस्टेबल भर्ती के लिए रविवार को शहर में 13,284 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी। परीक्षा के लिए शहर में 38 शिक्षा संस्थानों में 48 परीक्षा केंद्र स्थापित किए गए। परीक्षा के दौरान पंचकूला उपायुक्त मुकुल कुमार ने हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग की ओर से आयोजित परीक्षा केंद्रों में सेक्टर-15 स्थित भवन विद्यालय स्कूल, सेक्टर-15 स्थित राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय व सेक्टर-16 स्थित ब्लू बर्ड हाई स्कूल स्थित परीक्षा केंद्रों का दौरा कर निरीक्षण किया। उपायुक्त ने लिखित परीक्षा के मद्देनजर किए प्रबंधों और आयोग की ओर से जारी हिदायतों का भी परीक्षा केंद्रों में तैनात अधिकारियों से जायजा लिया। परीक्षा केंद्रों में व्यापक पुलिस बल सहित सुपरवाइजर व ड्यूटी मजिस्ट्रेट भी नियुक्त किए गए।