कैप्टन ने धार्मिक भावनाएं आहत कीं : लौंगोवाल
सीएम के करतारपुर साहिब कॉरिडोर पर बयान को लेकर एसजीपीसी प्रधान का पलटवार
अमर उजाला ब्यूरो
बरनाला। शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के प्रधान गोबिंद सिंह लौंगोवाल ने बुधवार को श्री करतारपुर साहिब कॉरिडोर पर मुख्यमंत्री के बयान को लेकर पलटवार किया। उन्होंने कहा मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह के बयान ने सिखों की भावनाओं को ठेस पहुंचाई है। वह कॉरिडोर निर्माण पर बाधा डालनी बंद करें, वरना सिख जगत उन्हें कभी भी माफ नहीं करेगा। लौंगोवाल गांव घुंनस में पूर्व संसदीय सचिव बलवीर सिंह घुंनस के निवास पर मीडिया से बातचीत कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि सिखों सहित समूची श्री गुरू नानक नाम लेवा संगत की तरफ से बिछडे़ गुरुधामों के दर्शनों के लिए लंबे समय से अरदासें की जा रही थी। इसके फलस्वरूप श्री गुरू नानक देव जी की पावन चरन छोह प्राप्त गुरुद्वारा श्री करतारपुर साहिब पाकिस्तान को रास्ता मिल सका है। कैप्टन की तरफ से इस कॉरिडोर को लेकर की जा रही बयानबाजी सिखों की धार्मिक भावनाओं के खिलाफ है।
लौंगोवाल ने कहा कि इसके अलावा छोटे साहिबजादों की याद को समर्पित शहीदी जोड़ मेले पर लाखों सिख श्रद्धालु शिरकत करते हैं, लेकिन कैप्टन ने शहीदों के समागमों की परवाह न करते हुए पंचायत चुनाव दिसंबर में करवाने का फैसला लेकर सिख कौम से एक और गलत फैसला लिया है। सिख संगत कैप्टन के दोनों फैसलों के विरोध में है। इस मौके पर पूर्व संसदीय सचिव संत बलवीर सिंह घुंनस,शिअद के जिला प्रधान कुलवंत सिंह कीतू, हलका भदौड के इंचार्ज सतनाम सिंह राही, बाबा बूटा सिंह ताजो, परमजीत सिंह खालसा, नगर काउंसिल के प्रधान संजीव कुमार शोरी, कुलवंत सिंह बोघा मौजूद थे।