अमर उजाला ब्यूरो
अबोहर। नगर परिषद के सफाई सेवकों को चार माह का वेतन न मिलने व ईओ की ओर से कोई संतोषजनक जवाब न दिए जाने पर वीरवार को सभी सफाई सेवकों ने आधे दिन की हड़ताल की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही उनका वेतन जारी न किया गया तो अनिश्चितकालीन हड़ताल की जाएगी।
सफाई सेवक यूनियन प्रधान ओम प्रकाश ढिलोढ ने बताया कि नगर परिषद के 156 पक्के सफाई सेवकों को नगर परिषद की ओर से चार माह से वेतन नहीं दिया गया। इसके चलते उनके परिवारों का गुजारा मुश्किल हो रहा है। वीरवार को उनका एक प्रतिनिधिमंडल ईओ गुरदास सिंह से मिला और वेतन जारी करने की मांग की लेकिन ईओ ने उन्हें कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया। इसके विरोध स्वरूप वीरवार को उन्होंने आधे दिन की हड़ताल कर नारेबाजी की। ढिलोढ़ ने बताया कि शुक्रवार को भी आधे दिन की हड़ताल की जाएगी। फिर भी उन्हें वेतन न दिया गया तो सोमवार से अनिश्चितकालीन हड़ताल की जाएगी। हड़ताल में मुरारी लाल, राज कुमार टांक, अशोक कुमार, भगवान दास, पवन कुमार, धर्मेंद्र, सन्नी, संतोष रानी, निर्मला, सोनिया, धर्मवीर, भारत, सुरेश, कमल, राजेश मौजूद थे।
इस समाचार की फोटो एबीआर 1 भेजी जा रही है।