‘खरीद में धान की नमी का प्रतिशत बढ़ाया जाए’
आप विधायक की अगुवाई में डीसी को सौंपा ज्ञापन
अमर उजालाब्यूरो
बरनाला। आम आदमी पार्टी के विधायक पिरमल सिंह धौला व जिला प्रधान कुलदीप सिंह काला ढिल्लों की अगुवाई में खरीद धान की नमी का प्रतिशत बढ़ाने के लिए किसानों ने डीसी को ज्ञापन सौंपा। किसानों ने कहा अन्य प्रदेश में धान की नमी का प्रतिशत यहां के मुकाबले अधिक है।
आप विधायक धौला ने कहा कि प्रदेश सरकार से किसानों को धान बेचने में आ रही मुश्किल को देखते हुए नमी की मात्रा बढ़ाने की मांग की है। प्रदेश में 70 फीसदी लोग खेतीबाड़ी करके ही अपने घर का गुजारा चला रहे हैं। प्रदेश सरकार की गलत नीतियों के कारण किसानों का जीवन प्रभावित हो रहा है, इसलिए प्रदेश सरकार को किसानों की समस्याओं का समाधान करना चाहिए। वहीं भारतीय किसान यूनियन एकता डकौंदा ने हरियाणा की तर्ज पर धान की नमी को 17 से 24 फीसदी कर 13 नवंबर तक अनाज मंडियों में धान उठा किसानों को उनके घर भेजने की मांग को लेकर डीसी धर्मपाल गुप्ता को ज्ञापन सौंपा। साथ ही उन्होंने कहा कि बल्लो के गांव में अनाज मंडी उठाए जाने के कारण किसानों को आ रही परेशानियों को लेकर कोई कार्रवाई नहीं की गई है। उन्होंने कहा कि बल्लो के में स्थित अनाज मंडी उठाने को लेकर किसी प्रकार की कार्रवाई नहीं करने के कारण शेलर मालिकों द्वारा अपनी मनमानी से अनाज मंडी में ना उठा किसानों को परेशान किया जा रहा है। उन्होंने डीसी धर्मपाल गुप्ता व प्रदेश सरकार से मांग की आ रही इस समस्या से निजात दिलाई जाए। इस अवसर पर जिला प्रधान दर्शन सिंह उगोके, मलकीत सिंह हाजिर थे।