अकालियों व कांग्रेसियों ने तोड़ी आचार संहिता
अमर उजाला ब्यूरो
बरनाल। ब्लाक समिति व जिला परिषद के नामांकन पत्र दाखिल करने आए अकाली व कांग्रेसी नेताओं ने जमकर आचार संहिता का खुलेआम उल्लंघन किया। इसकी पुष्टि खुद रिटर्निंग अफसर संजीव कुमार ने की। साथ ही उन्होंने पूरी रिपोर्ट बनाकर चुनाव आयोग को भेजने की बात कही है।
पहले काफिला अकाली उम्मीदवारों का आया। काफिले की अगवाई जिला प्रधान कुलवंत सिंह कंता, पूर्व सीपीएस बलवीर सिंह घुंनस शहरी प्रधान संजीव कुमार मंटी शोरी कर रहे थे। यह नेता उम्मीदवारों के अलावा बड़ी संख्या में वर्करों के साथ रिटर्निंग अफसर अ के आफिस में घुस गए। इसी तरह पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों भी अपने उम्मीदवारों और कार्यकर्ताओं के साथ चुनाव रिटर्निंग अफसर के आफिस के अंदर घुस गए। नामांकन पत्र ले रहे रिटर्निंग अफसर एसडीएम संजीव ने कहा कि इन लोगों ने आचार संहिंता का उल्लंघन किया है आयोग की हिदायतें हैं प्रत्याशी समेत पांच से सात लोग रिटर्निंग अफसर के आफिस में जा सकते है। उन्होंने बताया पूरे मामले की रिपोर्ट बना बनाकर चुनाव आयोग को भेजी जाएगी। इस संबंध में अकाली दल के जिला प्रधान कुलवंत सिंह कंता व कांग्रेसी नेता केवल ढिल्लों ने कहा कि उन्हें यह नहीं बताया गया था कितने लोगं के साथ साथ रिटर्निंग अफसर के दफ्तर जाना है, इस लिए उनका कोई कसूर नहीं है।