महिला ने ट्रेन आगे कूदकर की आत्महत्या
दो बेटियों ने हाथ छुड़वा भागकर बचाई जान
अमर उजाला ब्यूरो
मोगा। अजीतवाल-मटवानी रेलवे स्टेशन के बीच कुलविंदर कौर (35) निवासी अजीतवाल ने ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। उसकी दोनों नाबालिग बेटियों ने मां से हाथ छुड़वा लिया जिससे उनकी जान बच गई। घटना की जानकारी मिलने पर रेलवे पुलिस चौकी के इंचार्ज सहायक थानेदार जसवीर सिंह मौके पर पहुंचे। आसपास का निरीक्षण करने के बाद लोगों से पूछताछ की। कुलविंदर कौर का शव समाजसेवा सोसाइटी मोगा की ओर से सिविल अस्पताल पहुंचाया गया।
रेलवे पुलिस चौकी के इंचार्ज ने बताया कि कुलविंदर कौर पत्नी हरदीप सिंह निवासी गांव तखानवध हाल आबाद अजीतवाल की एक बेटा और दो बेटियां हैं। वह तीन साल से अपनी दोनों बेटियों हुसनप्रीत कौर (7) और मनप्रीत कौर (4) के साथ अजीतवाल में किराए के मकान में रह रही थीं। बेटा अपने पिता के पास रह रहा है। सूत्रों के अनुसार उसका अपने पति से तकरार चलता आ रहा था। शनिवार सुबह वह अपनी दोनों बेटियों को साथ लेकर अजीतवाल व मटवानी के बीच पहुंची और लुधियाना से फिरोजपुर जाने वाली ट्रेन के आगे छलांग लगा दी। दोनों नाबालिग बेटियां हाथ छुड़वाकर भाग र्गइं। इस कारण उनकी जान बच गई। चौकी इंचार्ज ने बताया कि मृतक के पारिवारिक सदस्यों को सूचित कर दिया गया है। उनके आने के बाद अग्रिम कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।