रोष मार्च कर एसएमओ का पुतला फूंका
चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों ने एसएमओ पर लगाया मांगो की अनदेखी करने का आरोप
कई संगठनों ने एसएमओ के समर्थन में बैठक कर पुतला फूंकने को गलत बताया
अमर उजाला ब्यूरो
अबोहर। सिविल अस्पताल के ठेकेदार की ओर से कार्यमुक्त किए गए अस्थाई कर्मचारियों को बहाल करने की मांग को लेकर कई कर्मचारी संगठनों ने शुक्रवार को शहर में रोष मार्च निकालते हुए सदर बाजार चौक पर एसएमओ अमिता चौधरी का पुतला फूंका। वहीं सिविल अस्पताल के डाक्टरों व स्टाफ ने महिला एसएमओ का पुतला फूंकने की निंदा की।
दि क्लास फोर्थ गर्वनमेंट इंप्लाइज यूनियन, टीएसयू, उसारी मजदूर यूनियन, पीडब्ल्यूडी फील्ड एवं वर्कशाप वर्क्स यूनियन, सीफेट वर्कर यूनियन, पेंशनर एसोसिएशन तथा किसान मजदूर मुलाजिम तालमेल संघर्ष कमेटी के सदस्यों ने अस्पताल के बाहर धरना प्रदर्शन किया। इस दौरान भूपेंद्र सिंह, राम लाल, जगत सिंह, शंकर दास, परमानंद, जरनैल सिंह, सर्बजीत सिंह, लखबीर सिंह भुल्लर, जोगिंदर सिंह, कृष्ण लाल, सुलतान राम, नोपाराम, हरदीप सिंह ने कहा कि ठेकेदार गुरप्रीत ने कुछ कर्मचारियों को बिना कारण बताए ही कार्यमुक्त कर दिया है। उनकी बहाली के लिए वह तीन बार धरना लगाते हुए एसएमओ कई बार मांगपत्र दे चुके हैं। इसके बाद भी उनकी कोई सुनवाई नहीं हुई। नेताओं ने कहा कर्मचारियों को बहाल नहीं किया गया तो संघर्ष और तेज किया जाएगा।
इधर अस्पताल में मेडिकल अफसर यूनियन, तालमेल कमेटी पैरा मेडिकल तथा मिनिस्ट्री स्टॉफ की एक बैठक एसएमओ कार्यालय में हुई। बैठक में एसएमओ की फोटो लगाकर उसका पुतला फूंकने की कड़े शब्दों में निंदा की गई। वक्ताओं ने कहा अस्पताल में अस्थाई कर्मचारियों को नियुक्त या कार्यमुक्त करना एसएमओ के अधिकार क्षेत्र में नहीं है, जिसके बारे एसएमओ ने इन जत्थेबंदियों को ृअवगत भी करवाया था। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के उच्चाधिकारियों से मांग की है कि अपनी ड्यूटी से जरूरी काम के लिए छुट्टी लेकर इस धरना-प्रदर्शन में शामिल होने वाले अस्पताल के फोर्थ क्लास कर्मचारियों सहित आशा वर्करों पर विभागीय कार्रवाई की जाए। बैठक में एसएमओ डा. अमिता चौधरी, डा. युधिष्टर चौधरी, डा. सुरेश चौधरी, डा. महेश, डा. सुधीर पाठक, डा. अमन नागपाल, डा. साहब राम, डा. नीरजा गुपता तथा नरैणाराम, शमशेर सिंह, जगदेव सिंह, सज्जन कुमार, कृष्ण कुमार, बिहारी लाल, सुखमंदर सिंह,मौजूद थे।