ठेकेदार की मनमानी, घर नहीं पहुंचा पानी
कटीले तार और कृषि औजारों में ही लटका दी पानी की पाइप लाइन
सरपंच का आरोप, बार-बार कहने पर भी सही काम नहीं करता ठेकेदार
अमर उजाला ब्यूरो
अबोहर। प्रदेश सरकार लोगों को स्वच्छ पेयजल मुहैया करवाने के लिए गांव-गांव वाटर वर्क्स बनवाकर हर घर को वाटर कनेक्शन देने का प्रयास कर रही हैं। वहीं ठेकेदार अपनी मनमानी करते हुए सरकार की इस योजना को पलीता लगा रहे हैं। ऐसा ही एक मामला गांव सुखचैन की ढाणियों में सामने आया है। यहां पानी की पाइप लाइन बिछाने वाले ठेकेदार ने खेतों के किनारे लगे कटीले तार व खेतों के किनारे रखे कृषि औजारों में ही पानी के पाइपें लटका दिए हैं, जिसमें पानी के नए मीटर भी लगे हैं।
गांव सुखचैन के अंतर्गत आती ढाणी मांडवा निवासी सुरेंद्र कुमार, मनोज कुमार, अमर सिंह ने बताया कि ठेकेदार ने ढाणियों में रहने वाले लोगों को दिए जाने वाले पानी के नए कनेक्शन की पाइप लाइन जमीन में दबाने की बजाए खेत के किनारे लगी कटीले तार व खेतों के किनारे रखे हलों में ही लटका दी हैं। इनमें सरकार से जारी किए गए कीमती पानी के मीटर लगे हैं, जो किसी भी समय क्षतिग्रस्त हो सकते हैं।
गांव के सरपंच सतपाल थापन ने बताया कि ठेकेदार ने कई स्थानों पर गलत तरीके से कनेक्शन जोडे़ हैं। इसके अलावा गांव में कई स्थानों पर खोदे गए गड्ढे अभी भी खुले पड़े हैं, जिनसे किसी भी समय दुर्घटना हो सकती है। सरपंच ने बताया कि बार-बार कहने पर भी जीरा से आए इस ठेकेदार ने वाटर कनेक्शन देने का कार्य सही तरीके से नहीं किया। उन्होंने जलदाय विभाग से इस कार्य का निरीक्षण करने और ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। साथ ही काम ठीक तरह से करवाने की भी मांग उठाई है।