सभी केंद्रों के ध्यानार्थ..........
उद्यान आभा एक्सप्रेस से टकराई ट्रैक्टर-ट्राली
-ट्रैक्टर के हुए कई टुकड़े, रेल इंजन को भी पहुंचा नुकसान
-कई गाड़ियां हुई लेट, अज्ञात चालक पर मामला दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
अबोहर। श्रीगंगानगर से हावड़ा को जाने वाली दैनिक उद्यान आभा एक्सप्रेस शुक्रवार रात करीब 10 बजे मोहल्ला रामनगर के सामने अनाधिकृत तौर पर रेल लाइन पार कर रहे मुर्दा पशु उठाने वाले ट्रैक्टर-ट्राली से टकरा गई। इस घटना में ट्रैक्टर के कई टुकड़े हो गए और ट्रैक्टर का इंजन रेलगाड़ी के पॉवर में फंस गया, जिसे गाड़ी करीब 200 मीटर तक घसीटते हुए ले गई। जबकि ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही रेलवे स्टेशन अधिकारी व आरपीएफ के जवान मौके पर पहुंचे और जांच पड़ताल शुरू कर दी। इस घटना के बाद अबोहर स्टेशन से गुजरने वाली कई गाड़ियां घंटों लेट हो गईं।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार रात करीब 9 बजकर 55 मिनट पर गाड़ी संख्या 13008 उद्यान आभा एक्सप्रेस अबोहर स्टेशन पर पहुंचने वाली थी। करीब आधा किमी. दूर मोहल्ला रामनगर के सामने एक अज्ञात ट्रैक्टर चालक बिना रास्ते के ही ट्रैक्टर को रेल लाइन के दूसरी ओर निकाल रहा था। इस दौरान ट्रैक्टर-ट्राली बीच लाइन में फंस गई और सामने से उद्यान आभा एक्सप्रेस को आते देख ट्रैक्टर चालक छलांग लगाकर मौके से फरार हो गया। ट्रेन की टक्कर लगते ही ट्रैक्टर-ट्राली के परखचे रेल ट्रैक के दोनों तरफ बिखर गए। ट्रैक्टर का इंजन रेल के इंजन में फंस गया, जिसे ट्रेन करीब 200 मीटर तक घसीटते हुए ले गई। इस घटना में रेल इंजन के आगे लगे कैटल गार्ड टूट गया। इसके बाद ट्रेन करीब एक घंटे तक मौके पर ही खड़ी रही। मामले की सूचना मिलते ही आरपीएफ थाने के एसआई अभिषेक बिजारनियां, एसएस गोपाल बांसल और पॉथ वे अधिकारी प्रेम चंद गोयल अपनी-अपनी टीमों सहित मौके पर पहुंचे और जांच पड़ताल शुरू कर दी। इस दौरान सीएनडब्ल्यू बठिंडा गुरसेवक सिंह व सीएलआई ब्रजेश कुमार भी बठिंडा से अबोहर पहुंच।े इसके बाद क्षतिग्रस्त रेल इंजन को स्टेशन तक ले जाया गया। इसके बाद बठिंडा से नया पॉवर मंगवाकर रात करीब 1 बजकर 13 मिनट पर गाड़ी को अपने गंतव्य के लिए रवाना किया गया। इस घटना के साथ ही कई रेलगाड़ियां लेट हो गईं। इधर आरपीएफ के एसआई अभिषेक बिजारनियां ने बताया कि उन्होंने जानबूझ कर रेल यात्रियों की जान जोखिम में डालने के आरोप में अज्ञात ट्रैक्टर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच करते हुए बिजारनियां ने बताया कि आरोपी ट्रैक्टर चालक को शीघ्र ही काबू कर लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस घटना में ड्राइवर की सूझबूझ से बड़ा हादसा टल गया, क्योंकि अगर ट्रेन बे-पटरी हो जाती तो बड़ा हादसा हो सकता था।
इस समाचार की फोटो एबीआर 1 और 2 भेजी जा रही है।