पांचवें दिन जारी रहा ट्रक चालकों का चक्काजाम
- स्थानीय ट्रक मालिकों ने दिया भरपूर समर्थन
अमर उजाला ब्यूरो
नंगल। आल इंडिया मोटर ट्रांसपोर्ट कांग्रेस की तरफ से देश भर में किए गए चक्का जाम को नंगल में भरपूर समर्थन मिल रहा है। पांचवें दिन ट्रक मालिकों ने हर रोज की तरह होने वाली पुकार में नंबर नहीं कटवाए। इस से पहले कि ट्रक यूनियन में माहौल गर्म होता, सत्ता पर काबिज पक्ष ने ट्रांसपोर्ट सोसाइटी में सात सदस्यता समिति बैठा दी। जो यूनियन का काम कार देख रही है। इस समिति ने चक्काजाम के लिए पुकारा बंद करवा दी। पुकार बंद होने के बावजूद देर रात पीएसीएल में से कुछ समिति मेंबरों के टैंकर भरकर बाहर निकाल दिए गए। इस कारण मंगलवार को ट्रक मालिकों में काफी गुस्सा पाया जा रहा था। लोगों के गुस्से को भांपते हुए समिति ने आगे के लिए कोई भी टैंकर बाहर न निकालने का फैसला लिया। इस के बाद माहौल शांत हो गया। परन्तु समिति ने पुलिस को ट्रक मालिकों पर दबाव बनाने के लिए बुला लिया। आनंदपुर साहिब के डीएसपी रमिंदर सिंह काहलों ने ट्रक मालिकों पर दबाव बनाया। ट्रक मालिक ने टैंकर सेक्शन में हुई पुकार में नंबर नहीं कटवाए बल्कि एकता का सबूत दिया।
ट्रक मालिक सुच्चा सिंह, अमरजीत सिंह फौजी, शाम लाल, रकेश कुमार, गगनदीप सिंह, रिंकू पंडित, सीता राम मेघपुर, मनप्रीत सिंह गंभीरपुर, गुरदयाल सिंह बहलू, हैपी, बलविंदर सिंह, ने बताया कि देश स्तर पर ट्रकों के किए चक्का जाम का हम भरपूर समर्थन करते हैं। क्योंकि आज ट्रक मालिकों के पल्ले फूटी कौड़ी भी नहीं पड़ रही है। दो लाख रुपये से कम कीमत के ट्रक की 40000 रुपये में इंश्योरेंश हो गई है। डीजल की कीमत में बेतहाशा विस्तार हो रहा है। सड़कों पर टोल बैरियर जगह जगह पर लग गए हैं।