नशे की ओवरडोज से युवक की मौत
थाना सदर में अज्ञात युवकों पर केस दर्ज, जांच शुुरू
अमर उजाला ब्यूरो
कपूरथला। गांव ढपई के स्टेडियम में रविवार की देर शाम नशे की ओवरडोज से युवक की मौत हो गई। थाना सदर की पुलिस ने मृतक के भाई के बयान पर अज्ञात युवकों के कई धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है।
पुलिस को दी गई शिकायत में गांव ढपई निवासी गुरप्रीत सिंह ने बताया रविवार की शाम 6.25 के करीब स्टेडियम में खेल रहे छोटे बच्चों ने उसके भाई मनप्रीत सिंह (20) को बेहोशी की हालत में पड़ा देखा उसे सूचना दी। इस पर वह स्टेडियम पहुंचा। भाई मनप्रीत सिंह बेहोशी की हालत में गिरा पड़ा था। उसकी टांग में एक सीरिंज लगी थी और दूसरी खाली सीरिंज पास ही पड़ी थी। भाई के कानों पर मोबाइल के हेडफोन लगे थे, जिसमें गाने चल रहे थे। पास ही फोन पड़ा था, जिस पर घंटी बज रही थी। वह अपने चाचा के साथ मनप्रीत को कपूरथला के सिविल अस्पताल में ले गए। वहां डॉक्टर ने मनप्रीत सिंह को मृत घोषित कर दिया। गुरप्रीत सिंह ने पुलिस को बताया कि उसका भाई नशे का आदी था और बस की कंडक्टरी करता था। वह सुबह घर से 6 बजे बाइक पर सवार होकर चला जाता था और बस स्टैंड के समीप स्थित पेट्रोल पंप पर बाइक खड़ी करके अपने साथियों के साथ बस लेकर कभी कपूरथला और तो कभी सुल्तानपुर लोधी चला जाता था और रात को 12 बजे के बाद ही घर आता था। थाना सदर के एएसआई जतिंदर सिंह ने कहा कि मृतक के भाई के बयान पर अज्ञात युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। मनप्रीत की काल डिटेल को खंगाला जाएगा।