तेज आंधी, बरसात से गेहूं की फसल बिछी
किसानों को हजारों का नुकसान होने की आशंका
अमर उजाला ब्यूरो
अबोहर।
तेज आंधी के साथ हुई बरसात से इलाके में सैकड़ों एकड़ गेहूं की पकी हुई फसल जमीन पर गिर गई। इससे किसानों को हजारों रुपये का नुकसान होने की आशंका है। यही नहीं बरसात व आंशिक ओलावृष्टि से मौसम में नमी पैदा हो गई। इससे गेहूं की कटाई कुछ दिन और लेट हो सकती है।
बीते तीन दिनों से मौसम में आए अचानक बदलाव से किसानों में चिंता पाई जा रही थी। मंगलवार आधी रात के बाद अचानक तेज आंधी के साथ बरसात शुरू हुई। इससे हल्का बल्लूआना के गांव डंगरखेड़ा, धर्मपुरा, चूहड़वाला धन्ना और बजीतपुर कट्टियांवाली में किसानों को भारी नुकसान हुआ। गांव डंगरखेड़ा के किसान रामचंद, रतन लाल, चानन सिंह और ओम प्रकाश ने बताया कि बरसात के साथ चली तेज हवाओं से काटने के लिए तैयार खड़ी गेहूं की फसल जमीन में गिर गई। वहीं वह एक-दो दिनों में ही कंबाइन से उसकी कटाई करवाने को तैयार थे। इस तरह अन्य गांवों में भी सैकड़ों एकड़ गेहूं जमीन में गिर गई। इससे एक ओर जहां उसकी कटाई लेट होगी। वहीं उत्पादन पर आंशिक असर पड़ सकता है।
किसान फकीर चंद, बनवारी लाल और दयाल सिंह ने बताया कि गिरी हुई गेहूं की कटाई मजदूरों से मंहगे दाम देकर करवानी पड़ती है। वहीं अधिक दिनों तक जमीन में पड़ी रहने पर गेहूं का बालियां खराब होने लगती हैं। किसानों ने बताया कि अगर मौसम जल्द ही अनुकूल न हुआ तो गेहूं उत्पादक किसानों को भारी नुकसान की संभावना है।
इस समाचार की फोटो एबीआर 2 भेजी जा रही है।