आर्थिक तंगी से परेशान निशक्त ने दी जान
अमर उजाला ब्यूरो
मोगा।
गांव दौलेवाला कलां में आर्थिक तंगी से जूझ रहे दिव्यांग ने वीरवार रात श्मशानघाट में पेड़ से फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। इसका शुक्रवार सुबह पता चला। सूचना मिलते ही थाना धर्मकोट पुलिस मौके पर पहुंची। मामले की जांच कर रहे एएसआई बलविंदर सिंह ने बताया कि मृतक बलजिंदर सिंह (45) तीन बेटियों और एक बेटे के पिता थे। एक बेेटी की शादी हो चुकी थीं, लेकिन अन्य बेटियां और एक बेटा अभी अविवाहित है। मृतक बलजिंदर की गरीबी को देखते हुए गांव की पंचायत ने उन्हें ढाई मरले जगह मेें मकान बनाकर दिया था। पुलिस के अनुसार बलजिंदर सिंह की पत्नी अमरजीत कौर के बयान पर पोस्टमार्टम करवाया गया है। उन्होंने अपने बयान में कहा कि उनके पति निशक्त होने की वजह से मेहनत मजदूरी करने से भी असमर्थ थे। घर का गुजारा मुश्किल से चल रहा था। उन्हें अपनी दो बेटियों और एक बेटे की शादी की चिंता भी सता रही थी। उन्होंने बताया कि मृतक की पत्नी ने कहा कि उनके पति वीरवार शाम सात बजे घर से चले गए। रात को वापस न आने पर उसकी तलाश की गई, लेकिन उनका सुबह श्मशान भूमि में शव लटक रहा था। उन्होंने आर्थिक तंगी से यह कदम उठाया है।