दुकानदारों ने दुकानें बंद कर जताया रोष
बस स्टैंड की जगह बदलने के फैसले का विरोध
अमर उजाला ब्यूरो
बरनाला।
बस स्टैंड रोड के दुकानदारों ने सोमवार को दूसरे दिन बस स्टैंड की जगह बदलने के फैसले के खिलाफ दुकानें बद कर रोष व्यक्त किया। इलाके के लोगों को पूर्व विधायक केलव सिंह ढिल्लों से उम्मीद थी कि वह वित्त मंत्री मनप्रीत सिंह बादल से अपने किए एलान के मुताबिक बरनाला में मल्टी स्पेशलिस्ट अस्पताल और किसी बड़े शिक्षा इंस्टीट्यूट को बनवाएंगे, लेकिन इसके विपरीत अस्पताल व शिक्षा केंद्र लाने के बजाय नया बस स्टैंड बनाने का एलान करवा दिया गया। इस फैसले से लोगों में भारी रोष फैल गया। यही नहीं इस बात से कई कांग्रेसी वर्करों में भी रोष पाया जा रहा है।
बस स्टैंड रोड के दुकानदारों और शहरवासियों ने पंजाब सरकार के खिलाफ बस स्टैंड रोड की दुकानें बंद कर नारेबाजी की। इसका नेतृत्व शिरोमणि अकाली दल के जिला प्रधान रविंदर सिंह रम्मी ढिल्लों और सीनियर भाजपा नेता रघुबीर प्रकाश गर्ग ने किया। व्यापार महासंघ के प्रधान ललित महाजन ने कहा कि बस स्टैंड के पास ही लड़कियों का कॉलेज है। कई शिक्षा विभाग भी बस स्टैंड के पास पड़ते हैं। गांवों के हजारों विद्यार्थी बसों में शहर पढ़ने आते हैं और पैदल ही अपने शिक्षा संस्थान में चले जाते हैं। अगर बस स्टैंड की जगह को बदलने का फैसला किया जाता है तो विद्यार्थियों को विशेषकर लड़कियों को परेशानी का सामना करने पड़ेगा। इसलिए सरकार को यह लोक विरोधी फैसला तुरंत वापस लेना चाहिए।
व्यापार मंडल के प्रधान अनिल बांसल नाणा ने कहा कि बाजारों में तो पहले ही कोई कार्य नहीं है। व्यापारी खाली बैठकर अपना समय गुजारते हैं। अगर बस स्टैंड की जगह को बदल दिया जाता है तो व्यापारी और बाजार बिल्कुल ही उजड़ जाएंगे। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर सरकार ने अपना फैसला वापस न लिया तो अनिश्चितकाल के लिए बाजार बंद करवाकर तेज संघर्ष शुरू किया जाएगा। वहीं समाजसेवी दीवान चंद ने कहा कि बस स्टैंड की तब्दीली का यह फैसला अपने कुछ चहेते कांग्रेसी नेताओं एवं प्रॉपर्टी डीलरों को निजी फायदा पहुंचाने के लिए करवाया जा रहा है।
‘बस स्टैंड को तब्दील न करने का मुद्दा विस में उठाया’
बरनाला। आम आदमी पार्टी के विधायक गुरमीत सिंह मीत हेयर ने कहा कि उन्होंने सोमवार को बरनाला बस स्टैंड को तब्दील न करने का मुद्दा पंजाब विधानसभा में उठाया। उन्होंने विधानसभा में कहा कि बरनाला के पूर्व कांग्रेस विधायक केवल ढिल्लों ने अपने चहेते कांग्रेस नेताओं एवं प्रॉपर्टी डीलरों को फायदा पहुंचाने के लिए बस स्टैंड को तब्दील करने का फैसला लिया है। उन्होंने विधानसभा में ढिल्लों की ओर से करवाए इस फैसला का सख्त विरोध किया। आप विधायक ने कहा कि ढिल्लों ने कुछ महीने पहले शहर के लोगों से कहा था कि वह जल्द ही बरनाला में मल्टी स्पेशलिस्ट अस्पताल व बड़ा शैक्षणिक कॉलेज लेकर आ रहे हैं, जिस संबंध में उनको कैप्टन अमरिंदर सिंह ने हां कर दी है। वहीं बजट में दोनों में से एक बात भी नहीं रखी गई। वहीं संपर्क करने पर केवल ढिल्लों ने कहा कि बरनाला में नया बस स्टैंड बनाने के संबंध में कोई भी फैसला शहर निवासियों की सहमति से ही किया जाएगा। उन्होंने कहा कि बस स्टैंड बनाने के संबंध में अभी तो सिर्फ बजट में ही योजना लाई गई है और सरकारी तौर पर कोई भी जगह निश्चित नहीं की गई है। इस बारे में तरह-तरह की अफवाहें फैलाई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि बस स्टैंड संबंधी हर फैसला शहरवासियों की राय लेकर ही किया जाएगा।