मैंने खुद मजीठिया के नशा तस्कर होने के पोस्टर लगाए थे :पिरमल
आप विधायक ने कहा-हजार बार बोलूंगा मजीठिया नशा तस्कर थे और हैं
अमर उजाला ब्यूरो
बरनाला।
जिला बरनाला के आम आदमी पार्टी के तीनों विधायकों ने केजरीवाल की माफी पर अपना अलग अलग प्रतिक्रिया दी है। विधानसभा भदौड़ से आप विधायक पिरमल सिंह धौला ने कहा कि वह विधानसभा के बजट सेशन की तैयारी में लगे हैं। इसलिए बैठक में नहीं गए। उन्होंने खुद अपने हाथों से मजीठिया के नशा तस्कर होने के पोस्टर लगाए थे। वह पंजाब के लोगों के साथ हैं। विधानसभा के सेशन में वह सवाल उठाएंगे कि सरकार एसटीएफ की रिपोर्ट पर कार्रवाई क्यों नहीं कर रही है। उन्होंने कहा कि जब मंत्री नवजोत सिद्धू मजीठिया के खिलाफ नशा तस्कर होने के सुबूत हाथ में लिए घूम रहे हैं तो उन्हीं की सरकार मजीठिया पर कार्रवाई क्यों नहीं कर रही हैं। उन्होंने कहा कि वह हजार बार कहेंगे कि मजीठिया नशा तस्कर थे और हैं।
केजरीवाल के साथ हूं : विधायक पंडोरी
वहीं महलकला से विधायक कुलवंत सिंह पंडोरी ने कहा कि वह केजरीवाल के साथ हैं व साथ ही रहेंगे, परंतु माफी मांगने के फैसले का विरोध करते हैं। उन्होंने कहा कि दिल्ली में जरूरी बैठक नहीं थी, इसलिए नहीं गए। 20 मार्च को होने वाले विस सेशन की तैयारी कर रहे हैं।
विधायकों से मशवरा न करना गलत था : विधायक मीत हेयर
बरनाला से आप विधायक गुरमीत सिंह मीत हेयर ने कहा कि केजरीवाल का माफी मांगने के बारे में विधायकों से मशवरा न करना गलत था। लेकिन वह पार्टी के साथ हैं। वह पार्टी को एकजुट रखेंगे। उन्होंने कहा कि जगदीश भोला जब चिल्ला-चिल्ला कर बोल रहा है कि मजीठिया नशा तस्करों को संरक्षण देते हैं तो कैप्टन सरकार कार्रवाई क्यों नहीं कर रही। उन्होंने पिछले विधानसभा सत्र के दौरान इस मुद्दे को उठाया था।