सऊदी अरब से फंसा रविंदर घर लौटा
किया सुषमा स्वराज, खन्ना का धन्यवाद
अमर उजाला ब्यूरो
होशियारपुर।
सऊदी अरब में धक्केशाही का शिकार हुआ रविंदर कुमार आखिर अपने वतनलौट ही आया। स्वदेश लौटने में मदद करने पर रविंदर कुमार ने विदेश मंत्री सुषमा स्वराज और भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व पूर्व सांसद अविनाश राय खन्ना का आभार जताया है।
खन्ना के कार्यालय में रविंदर कुमार ने बताया कि वह सऊदी अरब की एक कंपनी रफिया सोईया अलजबरी, दमाम में बतौर ड्राईवर काम करने के लिए गया था। वहां पर कंपनी के मालिकों ने पैसे न देने की नीयत से उसका जाब कार्ड भी कैंसल करा दिया। उसने सऊदी अरब की पुलिस व अदालत में भी शिकायत की। भारतीय होने के कारण उस की कहीं भी सुनवाई नहीं हुई।
कंपनी ने उस का पासपोर्ट भी नष्ट कर दिया। रविंदर के पिता परमानंद ने बताया कि उस ने अविनाश राय खन्ना के कार्यालय में पहुंच कर अपनी सारी व्यथा उन्हें सुनाई। खन्ना विदेश मंत्री सुषमा स्वराज के ध्यान में सारा मामला लाए। खन्ना के प्रयास व भारत सरकार के दखल से रविंदर कुमार को भारत लाया गया। रविंदर के पिता ने खन्ना का धन्यवाद किया। इस मौके पर संजीव तलवाड़, अनुज छाहड़िया मौजूद थे।