बरनाला के दो सेवा केंद्रों के बिजली के कनेक्शन काटे
गांव मौड़ पटियाला और मौड़ नाभा के सेवा केंद्रों ने नहीं अदा किए बिजली बिल
अमर उजाला ब्यूरो
बरनाला।
बिल अदा न करने पर शहर के दो और सेवा केंद्रों का बिजली का कनेक्शन काट दिया गया। गांव मौड़ पटियाला में खोले सेवा केंद्र ने बिजली बिल करीब 75,000 रुपये अदा नहीं किए थे। विभाग ने शनिवार सुबह ही कनेक्शन काट दिया। इस तरह पास के गांव मौड़ नाभा के सेवा केंद्र का साढ़े 37 हजार का डिफाल्टर होने पर कनेक्शन काट दिया गया।
सेवा केंद्रों के बिजली कनेक्शन कटने से वहां पर जन्म-मौत के सर्टिफिकेट, पेंशन अप्लाई व अन्य काम करवाने के लिए आने वाले ग्रामीणों को काफी परेशान होना पड़ा। मौड़ पटियाला सेवा केंद्र में काम करवाने आए लोग सेवक सिंह, लाड़ी सिंह, भोला सिंह, चमकौर सिंह, मग्घर सिंह, बेअंत सिंह और सुखविंदर सिंह ने सेवा केंद्र चला रही कंपनी रीएलएस और कैप्टन अमरिंदर सरकार के खिलाफ रोष प्रकट किया। उन्होंने कहा कि सेवा केंद्र चला रही कंपनी की नालायकी कर सेवा केंद्र का बिजली कनेक्शन कटने से लोगों को अन्य सेवा केंद्र में काम करवाने के लिए जाना पड़ेगा। ऐसे में उनके समय व रुपयों की बर्बादी भी होगी। उन्होंने जल्द सेवा केंद्र का बिजली कनेक्शन चालू करवाने के लिए मांग की है। वहीं पावरकॉम सब डिविजन तपा के एसडीओ नवनीत जिंदल ने कहा कि मौड़ पटियाला और मौड़ नाभा का सेवा केंद्र डिफाल्टर होने से उच्च अधिकारियों के निर्देश के अनुसार ही बिजली कनेक्शन काटे गए हैं।